नेशनल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल की तरह इस साल भी दिवाली जवानों के साथ मनाने जा रहे हैं। पीटीआई के सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी आज गोवा के समुद्र तट पर भारतीय नौसेना के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। बताया जा रहा है कि इस बार गोवा में दिवाली मनाने का फैसला ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को याद करते हुए लिया गया है। यह ऑपरेशन हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में किया गया था, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था। इस वजह से इस दिवाली को “जीत वाली दिवाली” के रूप में मनाया जा रहा है।
हर साल बॉर्डर पर जवानों के साथ दिवाली
2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से नरेंद्र मोदी हर साल दिवाली देश के सैनिकों के साथ ही मनाते हैं। चाहे वह लद्दाख, सियाचिन, केदारनाथ, कच्छ या अब गोवा का तट क्यों न हो। पीएम मोदी हर बार बॉर्डर या दुर्गम इलाकों में जाकर जवानों के साथ मिठाई बांटते हैं, दीप जलाते हैं और उन्हें देश की ताकत बताते हैं। उनका यह कदम जवानों के हौसले को बढ़ाने और देश के प्रति उनके त्याग और समर्पण को सम्मान देने के लिए होता है।
पीएम मोदी ने दी देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं
दिवाली के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने X (पहले ट्विटर) पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने लिखा “सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख, समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही मेरी कामना है।”
Greetings on the occasion of Diwali. May this festival of lights illuminate our lives with harmony, happiness and prosperity. May the spirit of positivity prevail all around us.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 20, 2025
स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील
पीएम मोदी ने लोगों से भारतीय उत्पाद खरीदने और स्वदेशी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा “आइए, इस त्योहार को 140 करोड़ भारतीयों की मेहनत, रचनात्मकता और इनोवेशन का जश्न बनाएं। इस दिवाली भारतीय उत्पाद खरीदें और गर्व से कहें — ‘ये स्वदेशी है!’ आप जो खरीदें, उसे सोशल मीडिया पर शेयर करें ताकि दूसरे लोग भी प्रेरित हों।” इस अपील के जरिए उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को फिर से आगे बढ़ाया है।
LoC से लेकर जैसलमेर तक जवानों की खास दिवाली
जहां देशभर में लोग अपने घरों में दीये, मिठाइयां और आतिशबाजी के साथ दिवाली मना रहे हैं, वहीं देश की सीमाओं पर तैनात हमारे वीर जवान भी अपनी अनोखी दिवाली मना रहे हैं। LoC से लेकर जैसलमेर तक, सेना और सुरक्षाबलों के जवानों ने देशभक्ति के जोश के साथ दीप जलाए और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। उनके लिए यह दिवाली फर्ज और जीत की खुशी दोनों का प्रतीक बन गई है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद खास दिवाली
इस बार जवानों के लिए दिवाली इसलिए भी खास और यादगार है क्योंकि हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को कड़ी शिकस्त दी थी। इस सफलता के बाद यह पहली दिवाली है, इसलिए बॉर्डर पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे गूंज रहे हैं।

