Site icon Dainik Savera Times

PM मोदी ने Mark Carney को Canada का प्रधानमंत्री चुने जाने पर दी बधाई, कहा- हम आपके साथ काम करने के लिए उत्सुक

नेशनल डेस्क : भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कनाडा के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री मार्क जे. कार्नी और उनकी लिबरल पार्टी को चुनावी जीत पर बधाई दी। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक ट्वीट में दोनों देशों के बीच साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी सहयोग की अहमियत पर जोर दिया। आइए  जानते है इस खबर को विस्तार से…

मोदी ने बधाई संदेश में क्या कहा…

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा, “मार्क जे. कार्नी को कनाडा का प्रधानमंत्री चुने जाने और लिबरल पार्टी की जीत पर बधाई। भारत और कनाडा साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता और जीवंत जन-जन संपर्क से जुड़े हैं। मैं आपके साथ मिलकर हमारी साझेदारी को मजबूत करने और हमारे लोगों के लिए अधिक अवसरों को खोलने के लिए तत्पर हूं।”

यह बधाई संदेश न केवल व्यक्तिगत तौर पर कार्नी की जीत को लेकर था, बल्कि भारत और कनाडा के बीच बेहतर द्विपक्षीय संबंधों की दिशा में एक सकारात्मक कदम भी था। दोनों देशों के बीच पहले से ही व्यापार, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के कई पहलू मजबूत रहे हैं।

संबंधों में और गहरी साझेदारी की संभावना

हालांकि, भारत और कनाडा के बीच पहले से ही मजबूत व्यापारिक और सांस्कृतिक रिश्ते रहे हैं, लेकिन अब यह उम्मीद जताई जा रही है कि मार्क कार्नी के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध और भी मजबूत हो सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि कार्नी की सरकार के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

भारत और कनाडा के बीच पहले से ही इंडो-कैनेडियन बिजनेस चैंबर और सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से सक्रिय सहयोग देखा गया है। अब इसे और बढ़ावा मिलने की संभावना है, जिससे दोनों देशों के नागरिकों को और अधिक अवसर मिल सकते हैं।

लिबरल पार्टी की जीत में अहम भूमिका

चुनाव विश्लेषकों के अनुसार, कनाडा में चुनावी माहौल लिबरल पार्टी के पक्ष में शुरुआत में ज्यादा नहीं था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कनाडा को अमेरिका में विलय करने की धमकियों और व्यापार युद्ध की परिस्थितियों ने लिबरल पार्टी की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ट्रंप के बयानों के बाद मार्क कार्नी ने चुनावी माहौल में अपनी बढ़त बनाई और लिबरल पार्टी को निर्णायक समर्थन प्राप्त हुआ।

कनाडा के चुनाव परिणामों ने भारत के साथ रिश्तों में और मजबूती की संभावना को जन्म दिया है। पीएम मोदी की बधाई से यह संकेत मिलता है कि भारत, कनाडा के नए नेतृत्व के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए तैयार है। दोनों देशों के बीच इस नई साझेदारी से आने वाले समय में कई अवसर उत्पन्न हो सकते हैं।

Exit mobile version