नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले देश के पहले अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को एक्सिओम-4 मिशन की सफलता के बाद अपने तीन अन्य साथियों के साथ मंगलवार को सकुशल धरती पर लौटने पर बधाई दी और उनका स्वागत किया। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शुभांशु शुक्ला की वापसी पर उन्हें बधाई दी।
मैं पूरे देश के साथ शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं…
मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं, जो अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में, उन्होंने अपने समर्पण, साहस और भावनाओं से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है। यह भारत के मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन – गगनयान की दिशा में एक और मील का पत्थर है।’’
I join the nation in welcoming Group Captain Shubhanshu Shukla as he returns to Earth from his historic mission to Space. As India’s first astronaut to have visited International Space Station, he has inspired a billion dreams through his dedication, courage and pioneering…
— Narendra Modi (@narendramodi) July 15, 2025
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शुभांशु शुक्ला की वापसी पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा,”ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की Axiom-4 मिशन से सफल वापसी हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने सिर्फ अंतरिक्ष को नहीं छुआ, बल्कि भारत की महत्वाकांक्षाओं को नई ऊंचाई दी है। उनका यह सफर सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि भारत की अंतरिक्ष यात्रा की एक बड़ी उपलब्धि है। भविष्य के लिए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं।”
Group Captain Shubhanshu Shukla’s successful return from the historic Axiom-4 mission is a proud moment for every Indian. He has not just touched space, he has lifted India’s aspirations to new heights.
His journey to the International Space Station and back is not just a…
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) July 15, 2025
18 दिन बाद अंतरिक्ष मिशन की हुई सफल वापसी
स्पेसएक्स का ड्रैगन अंतरिक्ष यान भारतीय समय के अनुसार अपराह्न् तीन बजे के करीब समुद्र में उतरा। ग्रुप कैप्टन शुक्ला और उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिन बिताये। इस दौरान उन्होंने कई वैज्ञानिक अनुसंधानों को अंजाम दिया। चारों अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर यान भारतीय समय के अनुसार सोमवार दोपहर बाद चार बजकर 35 मिनट पर अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना हुआ था।

