नेशनल डेस्क: दिल्ली के भारत मंडपम में आज नीति आयोग की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक की अगुवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। बैठक में देश को साल 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने की योजनाओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर सभी राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे, जिनमें कई विपक्षी पार्टियों के मुख्यमंत्री भी शामिल थे।

विपक्षी मुख्यमंत्रियों से गर्मजोशी से मिले पीएम मोदी
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी नेताओं से भी मुलाकात की और चाय पर चर्चा की। तस्वीरों में देखा गया कि पीएम मोदी विपक्षी मुख्यमंत्रियों से बड़े ही गर्मजोशी से मिले। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से भी प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात की।
चंद्रबाबू नायडू की पार्टी आंध्र प्रदेश में बीजेपी की सहयोगी है, जबकि एमके स्टालिन भाषा विवाद को लेकर केंद्र से नाराज रहे हैं। फिर भी दोनों नेताओं ने बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी से अच्छे माहौल में बातचीत की।तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ भी पीएम मोदी को मिलते हुए देखा गया। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी वहां मौजूद थे।

सभी मुख्यमंत्रियों से एकजुट होकर काम करने की अपील
बैठक की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने सभी मुख्यमंत्रियों से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र और राज्य मिलकर काम करें तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं है। पीएम मोदी ने यह भी सुझाव दिया कि हर राज्य में कम से कम एक प्रमुख पर्यटन स्थल को विकसित किया जाना चाहिए, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और रोज़गार दोनों को बढ़ावा मिले। इस बैठक में प्रधानमंत्री ने देश के भविष्य को लेकर एक सकारात्मक संदेश दिया और सभी राज्यों से मिलकर काम करने का आग्रह किया।