Site icon Dainik Savera Times

PM मोदी ने पोप फ्रांसिस के निधन पर जताया शोक, कहा- गरीबों और वंचितों की लगन से सेवा की

नेशनल डेस्क : कैथोलिक चर्च के सर्वोच्च धर्मगुरु पोप फ्रांसिस का निधन हो गया है। वे 88 साल के थे और पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। हाल ही में उन्हें निमोनिया और ब्रोंकाइटिस की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की खबर वेटिकन सिटी की ओर से आधिकारिक तौर पर जारी की गई। इस दुखद समाचार के बाद पूरी दुनिया में कैथोलिक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं अब पीएम मोदी ने पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक जताते हुए संवेदना व्यक्त की है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

PM मोदी ने जताया शोक…

आपको बता दें कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोप फ्रांसिस के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “दुख और स्मरण की इस घड़ी में, वैश्विक कैथोलिक समुदाय के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”पीएम मोदी ने कहा कि पोप फ्रांसिस को हमेशा करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस के प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पोप फ्रांसिस ने छोटी उम्र से ही प्रभु यीशु मसीह के आदर्शों को अपनाया और उन्हें अपने जीवन में उतारने का प्रयास किया। उन्होंने गरीबों, वंचितों और पीड़ितों की निस्वार्थ सेवा की। जहां लोग दुख में थे, वहां उन्होंने आशा की भावना जगाई।

भारत के लिए पोप का स्नेह अविस्मरणीय…

पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें पोप फ्रांसिस से हुई मुलाकातें हमेशा याद रहेंगी। उन्होंने पोप की समावेशी सोच और सभी के विकास की भावना से प्रेरणा लेने की बात भी कही। अंत में प्रधानमंत्री ने लिखा, “भारत के लोगों के प्रति उनका स्नेह हमेशा संजोकर रखा जाएगा। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।” पोप फ्रांसिस का निधन न केवल कैथोलिक समुदाय के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक आध्यात्मिक क्षति है। उनका जीवन, उनके विचार और कार्य हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।

Exit mobile version