बिहार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम की यात्रा के बाद सोमवार को बिहार के पूर्णिया पहुंचे। जहां, उन्होंने नए सिविल एन्क्लेव के अस्थायी टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ₹36,000 करोड़ से ज्यादा की विकास योजनाओं का लाभ लोगों को उपलब्ध कराने और ₹5,000 करोड़ लागत की योजनाओं के शिलान्यास किया।
इस दौरान पीएम मोदी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्णिया का नया टर्मिनल एयरपोर्ट न सिर्फ सुविधाओं और क्षमता में सुधार करेगा, बल्कि पूरे इलाके के विकास और सड़क व हवाई कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा।
बिहार के लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए डबल इंजन सरकार लगातार काम कर रही है। आज पूर्णिया से हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास कर अत्यंत प्रसन्न हूं। https://t.co/mHT2VGjbOV
— Narendra Modi (@narendramodi) September 15, 2025
बिहार को मिला नया तोहफा
पूर्णिया एयरपोर्ट बिहार का चौथा कॉमर्शियल एयरपोर्ट बन गया है। इससे पटना, गया और दरभंगा के बाद अब लोग देश के दूसरे हिस्सों के लिए सीधे उड़ान भर सकते हैं। इस एयरपोर्ट से सीमांचल के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा अररिया, कटिहार, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल के लोग भी इसका लाभ उठा सकेंगे। अब पूर्णिया से डायरेक्ट फ्लाइट्स कोलकाता व अहमदाबाद के लिये मिलेगी। साथ ही एयरलाइन इंडिगो कोलकाता के लिए हफ्ते में तीन दिन उड़ान भरेगी।
जल्द ही हो सकते हैं बिहार में चुनाव
बिहार में अगले कुछ हफ्तों में विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित हो सकती हैं। इससे पहले सभी राजनीतिक दल रैलियों और जनसभाओं का आयोजन कर रहे हैं। जनता के लिए वोटिंग से जुड़े वादे भी बढ़ गए हैं।
पीएम मोदी ने पहली उड़ान को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया से पहली कॉमर्शियल फ्लाइट और चार ट्रेनें हरी झंडी दिखाकर रवाना कीं। इस मौके पर पीएम मोदी ने बिहार को ₹40,000 करोड़ से ज्यादा की सौगात दी।
सीएम नीतीश ने रोजगार के बड़े वादे किए
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि चुनाव से पहले तक 50 लाख से ज्यादा लोगों को नौकरी दी जाएगी। अगले 5 साल में एक करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने रैली में मौजूद लोगों से खड़े होकर पीएम मोदी का स्वागत करने की अपील भी की।
बिहार का विकास 2005 से पहले बहुत कम हुआ
नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि 2005 से पहले बिहार में बहुत कम हुआ था। लेकिन 2005 में बीजेपी और जेडीयू की सरकार बनने के बाद राज्य का विकास शुरू हुआ। जिनमें बुजुर्ग, दिव्यांग और विधवाओं को ₹1,100 पेंशन दी गई, घरों में बिजली पहुंचाई गई। अब 125 यूनिट तक फ्री बिजली दी जा रही है।

