Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM MODI ने सशक्त नारी-विकसित भारत कार्यक्रम में ‘नमो ड्रोन दीदियों’ को ड्रोन सौंपे

March 11, 2024

PM MODI ने सशक्त नारी-विकसित भारत कार्यक्रम में ‘नमो ड्रोन दीदियों’ को ड्रोन सौंपे

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राजधानी दिल्ली के पूसा स्थित राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान संस्थान में सशक्त नारी-विकसित भारत कार्यक्रम में भाग लिया और ‘नमो ड्रोन दीदियों’ की ओर से कृषि क्षेत्र में ड्रोन के उपयोग का प्रदर्शन देखा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने 1,000 से अधिक ‘नमो ड्रोन दीदियों’ को ड्रोन भी सौंपे।
इस आयोजन के समय देशभर में 11 अलग-अलग जगहों से भी ‘नमो ड्रोन दीदियों’ ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने उन ‘लखपति दीदियों’ को सम्मानित भी किया, जिन्होंने दीन दयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की सहायता से सफलता प्राप्त की है और वे अन्य स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों के उत्थान के लिए मददगार बन रही हैं तथा उन्हें प्रेरित कर रही हैं।



साथ ही प्रधानमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों को रियायती ब्याज दरों पर लगभग 8,000 करोड़ रुपये का ऋण भी प्रदान किया। ये ऋण बैंकों की ओर से प्रत्येक जिले में बनाए गए बैंक संपर्क शिविरों के माध्यम से दिए जा रहे हैं। इससे पहले, एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि ‘नमो ड्रोन दीदी’ और ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और उनमें वित्तीय स्वायत्तता को बढ़ावा देने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण भाग हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें