Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

असम में बोले PM MODI- कांग्रेस वाले मुझे कितनी भी गालियां दें, मैं भगवान शिव का भक्त हूं…

September 14, 2025

असम में बोले PM MODI- कांग्रेस वाले मुझे कितनी भी गालियां दें, मैं भगवान शिव का भक्त हूं…

 नेशनल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के दरांग जिले के मंगलदोई में 6,300 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस दौरान अपने भाषण में उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि देश के विकास में उत्तर पूर्वी राज्यों की बहुत अहम भूमिका है। पीएम मोदी ने भारत रत्न भूपेन हजारिका के अपमान का भी कांग्रेस पर आरोप लगाया।

दरांग में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि “पूरा देश आज विकसित भारत के निर्माण के लिए आगे बढ़ रहा है। खासकर हमारे युवा इसके लिए बहुत प्रेरित हैं। हमारे नॉर्थ ईस्ट की इस संकल्प को पूरा करने में बहुत बड़ी भूमिका है।”

 

उन्होंने आगे कहा कि “21वीं सदी पूर्व की है, उत्तर पूर्व की है। अब उत्तर पूर्व के राज्यों का समय है। किसी भी क्षेत्र के विकास में कनेक्टिविटी की बहुत अहमियत होती है। हमारी सरकार सड़क, रेलवे और हवाई मार्गों को बेहतर करने के लिए लगातार काम कर रही है। इससे लोगों की जिंदगी में बदलाव आ रहा है और उज्जवल भविष्य की राह बन रही है।”

पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस वाले मुझे कितनी भी गालियां दें, मैं भगवान शिव का भक्त हूं और सब झेल लेता हूं। लेकिन जब किसी और का अपमान होता है, मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता। आप लोग मुझे बताएं, भूपेन दा को भारत रत्न देने का मेरा फैसला सही था या गलत?”

आतंक को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला
पीएम मोदी ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब देश आतंकवाद से जूझ रहा था, लेकिन कांग्रेस चुप थी। “आज हमारी सेना ऑपरेशन सिंदूर चला रही है और पाकिस्तान के आतंकियों को उखाड़ रही है। लेकिन कांग्रेस पाकिस्तान की सेना के पक्ष में खड़ी होती है।” उन्होंने आगे कहा कि “कांग्रेस देश की बजाय आतंकियों को पालने वालों के एजेंडे को आगे बढ़ाती है। पाकिस्तान का झूठ कांग्रेस का एजेंडा बन जाता है। इसलिए जनता को हमेशा कांग्रेस के प्रति सतर्क रहना चाहिए।”

अवैध घुसपैठ को लेकर पीएम मोदी ने कही ये बात
प्रधानमंत्री ने कहा कि “कांग्रेस के लिए अपने वोट बैंक का हित सबसे बड़ा है। कांग्रेस देशहित की कभी परवाह नहीं करती। आज कांग्रेस घुसपैठियों की भी रक्षक बन गई है। जब वह सत्ता में थी, तब घुसपैठ को बढ़ावा देती थी। आज कांग्रेस चाहती है कि घुसपैठिए हमेशा भारत में रहें और भारत का भविष्य तय करें।”

स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में नई परियोजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने दरांग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, एक नर्सिंग कॉलेज और एक जीएनएम स्कूल के निर्माण का शुभारंभ किया। अधिकारियों ने बताया कि इन स्वास्थ्य परियोजनाओं पर कुल 570 करोड़ रुपये का खर्च होगा। साथ ही पीएम मोदी ने नरेंगी-कुरुवा पुल (2.9 किलोमीटर, लागत 1,200 करोड़ रुपये) और गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना (118.5 किलोमीटर, लागत 4,530 करोड़ रुपये) की भी आधारशिला रखी।

असम में कुल 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं
प्रधानमंत्री बाद में गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ रिफाइनरी में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाला बांस आधारित एथेनॉल संयंत्र 7,230 करोड़ रुपये की पेट्रो फ्लूइडाइज्ड कैटेलिटिक क्रैकर इकाई का उद्घाटन करेंगे। इस तरह असम को कुल 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का तोहफा मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार शाम असम पहुंचे और भारत रत्न भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह में भी शामिल हुए।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें