Site icon Dainik Savera Times

PM मोदी गोवा में आज भारत ऊर्जा सप्ताह का उद्घाटन करेंगे

पणजी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गोवा में भारत ऊर्जा सप्ताह 2024 का उद्घाटन करेंगे और 1,330 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखने के अलावा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के स्थायी परिसर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। मोदी ‘विकसित भारत, विकसित गोवा 2047’ कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री दक्षिण गोवा के बेतुल गांव में ‘ओएनजीसी सी सर्वाइवल सेंटर’ का आज सुबह उद्घाटन करेंगे और भारत ऊर्जा सप्ताह की शुरुआत करेंगे। ऊर्जा सप्ताह, भारत की सबसे बड़ी और एकमात्र सर्वव्यापी ऊर्जा प्रदर्शनी व सम्मेलन होगा जिसमें विभिन्न देशों के लगभग 17 ऊर्जा मंत्रियों के भाग लेने की उम्मीद है।

वह दोपहर में फतोर्डा में ‘विकसित भारत, विकसित गोवा 2047’ कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। पीएमओ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने ऊर्जा आवशय़कताओं में आत्मनिर्भरता हासिल करने पर ध्यान केंद्रित रखा है। इसी दिशा में छह से नौ फरवरी तक गोवा में भारत ऊर्जा सप्ताह 2024 का आयोजन किया जा रहा है।’’ विज्ञप्ति के अनुसार, यह देश की ऐसी एकमात्र ऊर्जा प्रदर्शनी और सम्मेलन होगा, जो संपूर्ण ऊर्जा मूल्य श्रृंखला को एक मंच प्रदान करेगा और भारत के ऊर्जा पारगमन लक्षय़ों के लिए उत्प्रेरक के रूप में काम करेगा। कार्यक्रम में 900 से अधिक प्रदर्शनीकर्ता शामिल होंगे।

इसमें छह देशों- कनाडा, जर्मनी, नीदरलैंड, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका के पवेलियन होंगे। प्रधानमंत्री गोवा में एक कार्यक्रम में 1,330 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। वह गोवा के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के स्थायी परिसर का उद्घाटन करेंगे और राष्ट्रीय जलक्रीड़ा संस्थान के नये परिसर का लोकार्पण करेंगे।

Exit mobile version