नेशनल डेस्क : रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक दिल्ली स्थित अशोक होटल में शुरू हो गई है। यह बैठक पूरे दिन चलने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NDA के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की बैठक में शामिल होने पहुंच चुके है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की ‘विकसित भारत @2047’ योजना पर रणनीति बनाना है। इस योजना के तहत 2047 तक भारत को एक समृद्ध, समावेशी और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें राज्यों की भूमिका को निर्णायक माना जा रहा है।
#WATCH | दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NDA के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की बैठक में शामिल होने पहुंचे। pic.twitter.com/whHu9cvAuN
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 25, 2025
बैठक में उठेंगे ये अहम मुद्दे
1. ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा
NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री ऑपरेशन सिंदूर पर भी चर्चा कर सकते हैं। यह सेना की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है और इसे लेकर आम जनता को जागरूक करने के लिए एक रोडमैप तैयार किया जा सकता है।
2. जातिगत जनगणना
हाल ही में केंद्र सरकार ने जातिगत जनगणना करवाने का फैसला लिया है। कई राज्यों ने इसकी मांग पहले से की थी। यह मुद्दा भी बैठक में चर्चा का विषय बन सकता है।
3. सुशासन का साझा मॉडल
बैठक में यह भी चर्चा होगी कि सुशासन (Good Governance) को बेहतर तरीके से कैसे लागू किया जाए और केंद्र व राज्य मिलकर किस प्रकार से साझा प्रयास कर सकते हैं।
बैठक में कौन-कौन नेता हुए शामिल
इस अहम बैठक में NDA के 20 मुख्यमंत्री और 18 उपमुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं। शामिल नेताओं में कुछ प्रमुख नाम हैं…
-बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके उपमुख्यमंत्री
-असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा
-त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा
-मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा
-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और दोनों उपमुख्यमंत्री – अरुण साव और विजय शर्मा
-दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
-आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण
कौन नेता नहीं पहुंचे
इस महत्वपूर्ण बैठक में दो मुख्यमंत्री गैरहाजिर रहे…
-आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू
-पुदुचेरी के मुख्यमंत्री
इनकी अनुपस्थिति का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
बैठक की शुरुआत में जेपी नड्डा ने रखे विचार
बैठक की शुरुआत में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी बात रखी। उन्होंने राज्यों के बीच समन्वय और सहयोग को लेकर विचार प्रस्तुत किए। यह बैठक केंद्र और राज्यों के बीच नीति और क्रियान्वयन के समन्वय को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। विकसित भारत @2047 को धरातल पर उतारने के लिए यह एक संगठित रणनीतिक पहल है।

