Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi आज हरियाणा दौरे पर… राज्य को देंगे 7100 करोड़ की सौगात

April 14, 2025

PM Modi आज हरियाणा दौरे पर… राज्य को देंगे 7100 करोड़ की सौगात

PM Modi on Haryana Tour: नई दिल्ली: भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को अंबेडकर जयंती के अवसर पर हरियाणा के दौरे पर हैं। इस विशेष अवसर पर वह राज्य को करोड़ों रुपए की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले हिसार पहुंचेंगे, जहां वह महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से अयोध्या के लिए सीधी हवाई सेवा का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।

हिसार हवाई अड्डा राज्य का पहला हवाई अड्डा है जहां से अब नियमित हवाई सेवाएं शुरू की जा रही हैं। अयोध्या के बाद यहां से जल्द ही श्रीनगर, अहमदाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए भी उड़ानें शुरू की जाएंगी, जिससे लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे पीएम मोदी

हिसार कार्यक्रम के बाद वे यमुनानगर पहुंचेंगे, जहां वे करीब 7100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यमुनानगर में प्रधानमंत्री की रैली की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस रैली को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।

प्रधानमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस यात्रा की जानकारी साझा करते हुए कहा, ‘अंबेडकर जयंती का दिन हरियाणा की विकास यात्रा को समर्पित होगा।’ सुबह करीब 10:15 बजे मैं हिसार-अयोध्या के बीच वाणिज्यिक उड़ान का उद्घाटन करूंगा और हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखूंगा। दोपहर में यमुनानगर में कई परियोजनाओं से संबंधित कार्यक्रम भी है।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि

इससे पहले कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने भी प्रधानमंत्री के दौरे को राज्य के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी का एक ही दिन दो बड़े कार्यक्रमों में शामिल होना यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार हरियाणा के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि हिसार हवाई अड्डे का विकास प्रदेश के लिए एक नई उड़ान की तरह है, जिससे न केवल स्थानीय नागरिकों को लाभ मिलेगा बल्कि समूचे क्षेत्र के लिए प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें