नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को संसद हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘2001 के संसद हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी। उनका बलिदान हमेशा हमारे राष्ट्र को प्रेरित करेगा। हम उनके साहस और समर्पण के लिए सदा आभारी रहेंगे।’’ प्रधानमंत्री ने संसद हमले की वर्षगांठ पर संसद भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया। उन्होंने इस कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें भी साझा कीं।
Paid homage to those martyred in the 2001 Parliament attack. Their sacrifice will forever inspire our nation. We remain eternally grateful for their courage and dedication. pic.twitter.com/h1fxvpGQy4
— Narendra Modi (@narendramodi) December 13, 2024
उल्लेखनीय है कि 13 दिसंबर 2001 को लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों ने संसद पर हमला किया था। इस हमले में आतंकवादियों का मुकाबला करते हुए दिल्ली पुलिस के पांच जवान, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की एक महिला कर्मी और संसद के दो कर्मी शहीद हुए थे। एक कर्मचारी और एक कैमरामैन की भी हमले में मौत हो गई थी।

