नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा के लिए रवाना हुए। जब उनका विशेष विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तो वहां की रॉयल सऊदी वायु सेना के एफ-15 लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को सुरक्षा प्रदान की। यह नजारा एक विशेष सम्मान की तरह देखा जा रहा है और यह भारत-सऊदी अरब के बीच मजबूत होते रिश्तों का संकेत भी है।
विदेश मंत्रालय ने साझा किया वीडियो
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर इस घटना का वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा, “जब पीएम मोदी का विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, तब सऊदी अरब के एफ-15 फाइटर जेट्स ने उन्हें एयर सुरक्षा दी। यह दोनों देशों के बीच मजबूत दोस्ती और रक्षा सहयोग का प्रतीक है।”
🇮🇳-🇸🇦 friendship flying high!
As a special gesture for the State Visit of PM @narendramodi, his aircraft was escorted by the Royal Saudi Air Force as it entered the Saudi airspace. pic.twitter.com/ad8F9XGmDL
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) April 22, 2025
पीएम मोदी का सोशल मीडिया पोस्ट
सऊदी अरब रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट कर कहा, “मैं सऊदी अरब के जेद्दा के लिए रवाना हो रहा हूं। वहां मैं कई बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लूंगा। भारत और सऊदी अरब के रिश्ते ऐतिहासिक हैं और हाल के वर्षों में इन रिश्तों में काफी मजबूती आई है। मैं सामरिक भागीदारी परिषद की दूसरी बैठक में हिस्सा लूंगा और वहां भारतीय समुदाय से मुलाकात भी करूंगा।”
क्यों अहम है यात्रा?
पीएम मोदी की यह यात्रा भारत-सऊदी अरब सामरिक भागीदारी परिषद (Strategic Partnership Council) की दूसरी बैठक के लिए है। यह यात्रा राजनीतिक, आर्थिक और रक्षा क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने के मकसद से की जा रही है। पीएम मोदी वहां भारतवंशी समुदाय से भी संवाद करेंगे।

