Site icon Dainik Savera Times

ऑपरेशन सिंदूर: सेना ने 9 आतंकी ठिकानों को मिट्टी में मिलाया, पात्रा बोले- बदला दुश्मन की कल्पना से परे था

PM Modi revenge beyond enemy imagination Sambit Patra

PM Modi revenge beyond enemy imagination Sambit Patra

नेशनल डेस्क: भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए उन 26 लोगों की मौत का बदला लिया है, जो पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए थे। यह हमला हाल ही में हुआ था, और इसके बाद देशभर में कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी थी।

पात्रा ने बताया कि 22 अप्रैल से 7 मई के बीच पूरे देश में गुस्से और तनाव का माहौल था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस समय कहा था कि हम इस हमले का ऐसा बदला लेंगे जो दुश्मन की सोच से भी परे होगा। पात्रा ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कहा था ‘मिट्टी में मिला देंगे’, ‘घुसकर मारेंगे’, और हमने वही किया।”

क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
ऑपरेशन सिंदूर एक गुप्त सैन्य अभियान था, जिसमें भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना ने मिलकर 7 मई को पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी शिविरों पर हमला किया। इस ऑपरेशन में 9 बड़े आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया। इनमें से 5 PoK में और 4 पाकिस्तान में थे। नष्ट किए गए ठिकानों में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के ट्रेनिंग सेंटर थे।

भवालपुर और मुरीदके जैसे ठिकाने भी तबाह किए गए, जो आतंकियों के ट्रेनिंग और हथियार सप्लाई के बड़े केंद्र थे। इस ऑपरेशन में मारे गए आतंकियों में जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर का साला रऊफ अजहर भी शामिल था। रऊफ अजहर आईसी-814 विमान हाईजैक केस में वांछित था और एक प्रतिबंधित आतंकवादी था।

पूरा भारत सेना पर गर्व कर रहा: संबित पात्रा
संबित पात्रा ने कहा कि तीनों सेनाओं के जवानों ने जबरदस्त साहस और बहादुरी दिखाई। उन्होंने कहा, “आज पूरा भारत अपनी सेना पर गर्व कर रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए यह संदेश गया है कि भारत आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा और ज़रूरत पड़ी तो दुश्मन के घर में घुसकर जवाब देगा।” उन्होंने बताया कि तीनों डीजीएमओ (सेना, वायुसेना और नौसेना के प्रमुख ऑपरेशन अधिकारी) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस ऑपरेशन की जानकारी सार्वजनिक की।

Exit mobile version