Site icon Dainik Savera Times

PM मोदी ने “मन की बात” में कहा, ANIMATION और GAMING में भारत नई क्रांति करने की राह पर है

PM Modi

PM Modi

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 115वें एपिसोड में एनिमेशन सेक्टर को भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण बताया। पीएम के मुताबिक एनिमेशन और गेमिंग ने तरक्की की राह पर हमें आगे बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से दिवाली पर वोकल फॉर लोकल रहने की सलाह भी दी और आत्मनिर्भर भारत की सुनहरी तस्वीर पेश की। इस दौरान पीएम ने एनिमेशन सेक्टर की ताकत से भी रूबरू कराया। पीएम मोदी ने कहा, एनिमेशन सेक्टर आज एक ऐसी इंडस्ट्री का रूप ले चुका है जो दूसरी इंडस्ट्री को ताकत दे रहा है। जैसे इन दिनों वीआर टूरिज्म के जरिए आप वर्चुअल टूर करके अजंता की गुफा देख सकते हैं, वाराणसी के घाटों का आनंद ले सकते हैं, कोणार्क मंदिर के कॉरिडोर में टहल सकते हैं। ये सभी वीआर एनिमेशन भारत के क्रिएटर्स ने तैयार किए हैं।

पीएम ने कहा, स्मार्ट फोन से लेकर सिनेमा स्क्रीन तक, गेमिंग कंसोल से लेकर वर्चुअल रियलिटी तक, एनिमेशन हर जगह मौजूद है। एनिमेशन की दुनिया में भारत नई क्रांति करने की राह पर है। भारत के गेमिंग स्पेस का भी तेजी से विस्तार हो रहा है। इंडियन गेम्स भी इन दिनों दुनिया भर में पॉपुलर हो रहे हैं।

पीएम ने कहा, एनिमेटर्स के साथ ही इस सेक्टर में आज गेम डेवलपर, स्टोरी टेलर, वॉइस ऑवर कलाकारों की मांग भी बढ़ती जा रही है। इसी के चलते पीएम मोदी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा, अपनी क्रिएटिविटी को विस्तार दें, क्या पता दुनिया का अगला सुपरहिट एनिमेशन आपके कंप्यूटर से निकले, अगला फेमस गेम आपका बनाया हुआ हो सकता है। 28 अक्टूबर को वल्र्ड एनीमेशन डे मनाया जाएगा। हम भारत को ग्लोबल एनिमेशन पावर हाउस बनाने का संकल्प लेते हैं।

मन की बात में पीएम मोदी ने टॉप गेमर्स के साथ हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के दौरान मुझे इंडियन गेम्स की अद्भुत क्रिएटिविटी और क्वालिटी को जानने-समझने का मौका मिला। वाकई देश में क्रिएटिव एनर्जी की एक लहर चल रही है। एनिमेशन की दुनिया में मेड इन इंडिया और मेड बाय इंडियंस छाया हुआ है।

Exit mobile version