PM Modi Talks Putin: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को फोन पर बातचीत की। यह बातचीत तब हुई जब अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने पर 50% टैरिफ (कर) लगाने का फैसला लिया है, जिससे भारत पर भी असर पड़ सकता है। अमेरिका का यह कदम भारत पर दबाव बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। बातचीत के दौरान रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को यूक्रेन युद्ध से जुड़ी ताज़ा जानकारी दी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत हमेशा से संघर्ष का शांतिपूर्ण हल चाहता है और इस पर भारत का रुख पहले की तरह ही रहेगा।
भारत-रूस साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर
दोनों नेताओं ने भारत और रूस के बीच चल रहे सहयोग और समझौतों की समीक्षा की। उन्होंने इस साझेदारी को और गहरा करने की बात कही, जिसे दोनों देश “विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी” मानते हैं।

राष्ट्रपति पुतिन को भारत आने का दिया न्योता
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को इस साल के अंत में भारत में होने वाले वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया। पुतिन ने इस निमंत्रण को स्वीकार भी कर लिया है।
पीएम मोदी ने एक्स (Twitter) पर दी जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन के साथ बहुत अच्छी और विस्तृत बातचीत हुई। मैंने यूक्रेन पर नवीनतम घटनाक्रम साझा करने के लिए उनका धन्यवाद किया। हमने अपने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की समीक्षा की और भारत-रूस साझेदारी को और मजबूत करने की बात दोहराई। मैं इस वर्ष के अंत में भारत में पुतिन की मेजबानी करने को लेकर उत्सुक हूं।”
Had a very good and detailed conversation with my friend President Putin. I thanked him for sharing the latest developments on Ukraine. We also reviewed the progress in our bilateral agenda, and reaffirmed our commitment to further deepen the India-Russia Special and Privileged…
— Narendra Modi (@narendramodi) August 8, 2025
रूस दौरे पर पहुंचे सुरक्षा सलाहकार ने पुतिन से की मुलाकात
यह बातचीत ऐसे समय हुई जब भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल रूस के दौरे पर हैं। उन्होंने गुरुवार को व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की और भारत की तरफ से सभी क्षेत्रों में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने पीएम मोदी का निमंत्रण भी उन्हें दिया।
गुरुवार को ब्राजील के राष्ट्रपति का आया था फोन
एक दिन पहले, गुरुवार को ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा ने पीएम मोदी को फोन किया था। बातचीत में उन्होंने पिछले महीने पीएम मोदी की ब्राजील यात्रा की चर्चा की। दोनों नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार साझा किए और संपर्क में बने रहने का संकल्प लिया।