Site icon Dainik Savera Times

गलवान झड़प के बाद पहली बार चीन जाएंगे पीएम मोदी, SCO समिट में लेंगे हिस्सा

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अगस्त और 1 सितंबर को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में हिस्सा लेने चीन जाएंगे। यह उनकी 2020 में गलवान घाटी में हुई भारत-चीन झड़प के बाद पहली चीन यात्रा होगी। पिछली बार पीएम मोदी ने चीन का दौरा 2019 में किया था।

चीन दौरे से पहले जापान जाएंगे पीएम मोदी 

चीन दौरे से पहले, 30 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी जापान जाएंगे, जहां वे भारत-जापान शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। एससीओ सम्मेलन में पीएम मोदी अन्य सदस्य देशों के नेताओं के साथ मिलकर क्षेत्र की सुरक्षा, आतंकवाद और व्यापार जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। खास बात यह है कि इस सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से अनौपचारिक मुलाकात की संभावना है। हालांकि अभी तक पीएम मोदी की जापान और चीन यात्रा को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

जयशंकर ने भी किया था चीन का दौरा 

इससे पहले अक्टूबर 2024 में कज़ान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात हुई थी। तब से दोनों देशों ने सीमा तनाव कम करने की कोशिशें तेज की हैं। इसी क्रम में पिछले महीने विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी चीन का दौरा किया था और वहां चीन के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की थी।

गलवान झड़प और उसके बाद संबंधों में आई खटास

15 जून 2020 को पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारत और चीन की सेनाओं के बीच भीषण झड़प हुई थी। इस झड़प में भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे। उस समय भारतीय जवान बिना हथियारों के ही चीन की सेना का सामना कर रहे थे। चीन को भी झड़प में काफी नुकसान हुआ था, लेकिन उसने कभी इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया। इस झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्ते काफी खराब हो गए।

Exit mobile version