Site icon Dainik Savera Times

CM Chandrababu Naidu के जन्मदिन पर PM Modi सहित इन नेताओं ने दी शुभकामनाएं

PM Modi wished CM Naidu

PM Modi wished CM Naidu: नई दिल्ली : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगू देशम पार्टी (TDP) के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू के जन्मदिन के मौके पर देशभर से बधाइयों का तांता लग गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और राज्यपाल न्यायमूर्ति अब्दुल नजीर समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की। चंद्रबाबू नायडू के जन्मदिन पर राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। यह अवसर उनके सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व के प्रति सम्मान और विश्वास को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर चंद्रबाबू नायडू को “मित्र” कहकर संबोधित किया और लिखा, “मेरे मित्र और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू गारू को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। वे राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए जो अथक प्रयास कर रहे हैं, वह प्रेरणास्पद है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”

राज्य के उपमुख्यमंत्री और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने भी नायडू की दूरदर्शिता और प्रशासनिक क्षमता की सराहना करते हुए लिखा, “चंद्रबाबू नायडू जैसे नेतृत्वकर्ता ही राज्य को संकट से बाहर निकालकर प्रगति के रास्ते पर ले जा सकते हैं। उनकी सोच और कार्यशैली प्रेरणा देने वाली है। मैं उनके दीर्घायु और समृद्ध जीवन की प्रार्थना करता हूं।”

राज्यपाल न्यायमूर्ति अब्दुल नजीर ने भी एक्स हैंडल के माध्यम से मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और उनके कार्यकाल की सफलता की कामना की।

-राजनीतिक सफर और योगदान

सन 1950 में आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के नरवरिपल्ले गांव में जन्मे चंद्रबाबू नायडू छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे। श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय, तिरुपति में पढ़ाई के दौरान उन्होंने राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेना शुरू किया। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में वे संयुक्त और विभाजित दोनों आंध्र प्रदेशों के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

2024 के चुनाव में नायडू के नेतृत्व में टीडीपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विधानसभा की 175 में से 135 सीटों पर जीत हासिल की और एनडीए के साथ मिलकर सरकार बनाई। यह उनका मुख्यमंत्री के रूप में चौथा कार्यकाल है। उनकी प्रशासनिक सूझबूझ, टेक्नोलॉजी को अपनाने की प्रतिबद्धता और विकासशील दृष्टिकोण के कारण उन्हें देशभर में एक दूरदर्शी नेता के रूप में जाना जाता है।

Exit mobile version