Site icon Dainik Savera Times

‘PM धन-धान्य योजना को मंजूरी, ग्रीन एनर्जी में 27,000 करोड़ का निवेश’, कैबिनेट मीटिंग में 3 फैसलों पर लगी मुहर

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में देश की कृषि और ऊर्जा से जुड़े तीन बड़े फैसले लिए गए। ये फैसले देश के 100 कृषि जिलों के विकास और ग्रीन एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा) को बढ़ावा देने के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीटिंग के बाद इन फैसलों की जानकारी दी।

प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY)

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पीएम धन-धान्य योजना 2025-26 से शुरू होकर 6 वर्षों तक लागू रहेगी। सरकार ने इस योजना के लिए 24,000 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य 100 जिलों में कृषि उत्पादकता बढ़ाना, फसल विविधता को प्रोत्साहित करना, भंडारण और सिंचाई की सुविधाएं बेहतर बनाना और स्थानीय स्तर पर टिकाऊ खेती के विकल्प बढ़ाना है। यह योजना नीति आयोग के आकांक्षी जिलों कार्यक्रम से प्रेरित है, लेकिन यह केवल कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों पर केंद्रित होगी।

राज्यों से कम से कम एक-एक जिला लिया जाएगा और जिले चुनने के तीन मानदंड होंगे:
1. कम कृषि उत्पादकता
2. कम फसल चक्र
3. कम लोन वितरण

योजना को 11 मंत्रालयों की 36 योजनाओं के सहयोग से लागू किया जाएगा और इसमें राज्य सरकारों तथा निजी क्षेत्र की भागीदारी भी होगी।

एनटीपीसी को 20,000 करोड़ की मंजूरी (ग्रीन एनर्जी निवेश)

सरकार ने एनटीपीसी लिमिटेड को 20,000 करोड़ रुपये तक का निवेश करने की अनुमति दी है। यह निवेश एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (NGEL) और उसकी सहयोगी कंपनियों के जरिए किया जाएगा। इसका लक्ष्य है कि 2032 तक 60 गीगावॉट रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता हासिल की जाए।

एनएलसी इंडिया लिमिटेड को 7,000 करोड़ की मंजूरी

एनएलसीआईएल को भी 7,000 करोड़ रुपये की विशेष निवेश छूट मिली है। यह निवेश NLC इंडिया रिन्यूएबल्स लिमिटेड (NIRL) के ज़रिए ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स में किया जाएगा। इससे कंपनी को बेहतर संचालन और आर्थिक मजबूती मिलेगी। कैबिनेट के ये फैसले कृषि सुधारों और ग्रीन एनर्जी दोनों को नई रफ्तार देने वाले हैं। जहां एक ओर किसान लाभान्वित होंगे, वहीं दूसरी ओर देश की ऊर्जा ज़रूरतें भी पर्यावरण के अनुकूल तरीकों से पूरी होंगी।

 

शुभांशु शुक्ला की वापसी पर एक प्रस्ताव पारित

कैबिनेट मीटिंग के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “आज केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आईएसएस (अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन) से ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की वापसी पर एक प्रस्ताव पारित किया है। यह पूरे देश के लिए गौरव, गौरव और खुशी का अवसर है। आज मंत्रिमंडल देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को पृथ्वी पर उनकी सफल वापसी पर बधाई देता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिनों का ऐतिहासिक मिशन पूरा किया है। यह भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक नया अध्याय है। यह हमारे अंतरिक्ष कार्यक्रम के भविष्य की एक सुनहरी झलक देता है। मंत्रिमंडल इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की पूरी टीम को बधाई देता है।”

Exit mobile version