इंटरनेशनल डेस्क: ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में भारतीय मूल के एक व्यक्ति गौरव कुंडी, पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद कोमा में चले गए। पुलिस ने उन्हें काबू करने के लिए उनकी गर्दन पर घुटना रखा, जिससे उनके मस्तिष्क को गंभीर चोटें आईं और वे कोमा में पहुंच गए। यह घटना ऑस्ट्रेलिया टुडे में रिपोर्ट की गई है।
पुलिस पर गंभीर आरोप
आरोप है कि ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने जानबूझकर गौरव के गर्दन पर घुटना रखा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। यह घटना अमेरिका में जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या की घटना की याद दिलाती है, जिसमें पुलिस ने एक व्यक्ति की गर्दन पर घुटना रखकर उसकी जान ले ली थी।
गौरव कुंडी की गिरफ्तारी
गौरव कुंडी (42 वर्ष) जोकि दो बच्चों के पिता हैं, उन्हें पुलिस ने एक मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान एक पुलिस अधिकारी ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इस दौरान, गौरव और उनकी साथी अमृतपाल कौर जोर-जोर से यह कहते हुए अपनी बेगुनाही की बात कर रहे थे, “मैंने कुछ गलत नहीं किया,” जबकि अमृतपाल कौर रोते हुए पुलिस की कार्रवाई को गलत बताते हुए इसे रिकॉर्ड कर रही थीं।
गौरव अब कोमा में, हालत गंभीर
गौरव की साथी ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी ने गौरव की गर्दन पर घुटना रख दिया, ठीक वैसे ही जैसे 2020 में जॉर्ज फ्लॉयड के मामले में हुआ था। गौरव अब कोमा में हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय समुदाय में पुलिस कार्रवाई की जांच और न्याय की मांग तेज हो गई है।
हालांकि, पुलिस ने यह नहीं बताया कि गौरव को किस मामले में गिरफ्तार किया गया था। यह घटना पुलिस की अत्यधिक हिंसा और नागरिकों के साथ बर्ताव पर गंभीर सवाल उठाती है, खासकर जब से जॉर्ज फ्लॉयड की घटना के बाद दुनिया भर में पुलिस के इस तरह के बर्ताव के खिलाफ आवाजें उठने लगी थीं।

