Site icon Dainik Savera Times

प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने मंत्रिमंडल का किया विस्तार, इन तीन बड़े नेताओं को किया शामिल

इंटरनेशनल डेस्क: नेपाल में राजनीतिक हालात फिर से सुधरने लगे हैं। केपी शर्मा ओली के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद, देश में शांति की कोशिशें हो रही हैं। नेपाल की पूर्व सुप्रीम कोर्ट मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की अब देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी हैं।

सुशीला कार्की ने सोमवार को अपना नया अंतरिम मंत्रिमंडल बनाया और तीन नए मंत्रियों को शामिल किया। राजधानी काठमांडू में राष्ट्रपति भवन ‘शीतल निवास’ में कुलमन घीसिंग, ओम प्रकाश आर्यल और रामेश्वर खनल ने मंत्री पद की शपथ ली।

जाने किस नेता को कौन से मंत्रालय के जिम्मे दिए गए:

कुलमन घीसिंग को ऊर्जा, शहरी विकास और भौतिक अवसंरचना मंत्रालय दिया गया है।
ओम प्रकाश आर्यल को विधि एवं गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है।
रामेश्वर खनल वित्त मंत्रालय संभालेंगे।

बीते दिन नेपाल में क्या-क्या हुआ

पिछले दिनों नेपाल में युवाओं ने सोशल मीडिया पर प्रतिबंध और भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए थे। इनमें से कई प्रदर्शन हिंसक हो गए और पुलिस की फायरिंग में कई युवाओं की मौत हो गई। यह विरोध मुख्य रूप से Gen-Z यानी 1997 से 2012 के बीच जन्मे युवा वर्ग ने किया था, जो तकनीक और इंटरनेट के साथ बड़े हुए हैं।

केपी शर्मा ओली ने छोड़ा पद 

इन सब घटनाओं के बीच केपी शर्मा ओली ने अपना पद छोड़ दिया। अब सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री बनाया गया है और उन्होंने घोषणा की है कि नेपाल में नए चुनाव 5 मार्च 2026 को कराए जाएंगे। इस तरह नेपाल में नई सरकार बनने के साथ ही देश में लोकतंत्र और शांति की ओर एक नई शुरुआत हो रही है।

Exit mobile version