Site icon Dainik Savera Times

संसद में आंख से आंख मिलाकर जनता के मुद्दों पर सवाल पूछेंगी प्रियंका गांधी : Robert Vadra

Priyanka Gandhi

Priyanka Gandhi

Priyanka Gandhi : वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने 4 लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने शनिवार को वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की स्थिति, दिल्ली विधानसभा चुनाव सहित अन्य मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्हाेंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि वायनाड की जनता ने प्रियंका गांधी को जिताने का इरादा बनाया और वह पूरा हो गया। मैं कहना चाहता हूं कि प्रियंका गांधी ने पूरे देश में मेहनत की है। भाजपा ने उन पर कई आरोप भी लगाए। लेकिन वह मजबूत बनी रहीं। यह सब जनता ने देखा है और वायनाड में वह एक बड़ी जीत हासलि की है।

रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि लोगों के बीच में रहने का मेरे पास अनुभव है। मैंने देखा है कि वायनाड के लोगों के मन में प्रियंका के लिए बेहद प्यार है। यहां की जनता ने उनकी मेहनत को समझा है। वोटों की गिनती पूरी होने के बाद मुझे भरोसा है कि प्रियंका एक ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगी। प्रियंका गांधी वायनाड की जनता की समस्याओं का समाधान निकालेंगी और संसद में उनके मुददे उठाएंगी। प्रियंका गांधी ने अपनी दादी से बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी, भाई राहुल गांधी से भी सीखा है। वह दिखने में भले ही इंदिरा गांधी जैसी लगती हैं। लेकिन, उस समय की राजनीति अलग थी। आज की राजनीति अलग है। प्रियंका काफी मेहनती और निडर हैं। लोगों की समस्याओं को मेहनत कर सुलझाने का प्रयास करती हैं।

उन्हाेंने कहा कि मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं बोल पाऊंगा। लेकिन मैं समझता हूं कि जनता ने जो फैसला किया है, हमें उसका सम्मान करना चाहिए। कांग्रेस के नेताओं को जमीनी स्तर पर यह समझना होगा कि जनता की अपेक्षाएं क्या थीं और ऐसा क्या नहीं हुआ, जिसके चलते ऐसा परिणाम आया। हरियाणा में सभी को लगा था कि परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आएंगे। लेकिन, कांग्रेस के पक्ष में फैसला नहीं आया, जो काफी हैरान करने वाला था। महाराष्ट्र के परिणाम को लेकर भी लोग हैरान हैं।

रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा प्रदेश और वहां के लोगों के बारे में सोचते हैं। उनकी सोच थी कि विधानसभा चुनाव में गलत तरीके से टिकट का बंटवारा हुआ है। जिन्हें टिकट बांटने का काम दिया था, उन्हें ध्यान देने की जरूरत है। जो भी परिणाम आए हैं, उसे लेकर पार्टी लेवल पर बात होगी क िमहाराष्ट्र में कांग्रेस को कैसे मजबूत किया जाए। अभी प्रियंका गांधी का समय है। वह संसद में जाएंगी। किस तरह से वह वायनाड की जनता के मुद्दों और उनकी समस्याओं को रखेंगी, अभी हम लोग इसी पर फोकस हैं। परिवार के अनुसार और अगर जनता चाहेगी तो मैं सक्रिय राजनीति में आऊंगा।

उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाने की जरूरत है, जनता के मुद्दों को समझने की जरूरत है, तभी हम उनका समाधान निकाल सकते हैं। पार्टी को जहां भी मेरी जरूरत होगी, मुझे जो भी काम दिया जाएगा, मैं उसे भलीभांति पूरा करूंगा। बिल्कुल स्थिति बदलेगी। लोगों की मांग थी कि प्रियंका गांधी संसद में लोगों की समस्याओं को रखें। भाजपा जिन मुद्दों को नहीं उठाएगी, उन मुद्दों को प्रियंका संसद पटल पर रखने का काम करेंगी। प्रियंका सदन में नेताओं के आंख में आंख मिलाकर जनता की समस्याओं को रखेंगी। प्रियंका के होने से राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी।

Exit mobile version