Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रियंका आपकी सबसे अच्छी सांसद साबित होंगी, मैं भाग्यशाली हूं की वह मेरी बहन है: राहुल गांधी

November 3, 2024

प्रियंका आपकी सबसे अच्छी सांसद साबित होंगी, मैं भाग्यशाली हूं की वह मेरी बहन है: राहुल गांधी

वायनाड। वायनाड लोकसभा सीट पर 13 नवंबर उपचुनाव होने हैं। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को अपनी बहन और पार्टी की उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाड्रा के समर्थन में वायनाड में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। राहुल गांधी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘यह पहली बार है कि मैं अपनी बहन के लिए प्रचार करने के लिए किसी सभा में आया हूं। मेरे पहले चुनाव के दौरान मेरी बहन ने मेरे लिए प्रचार किया और तब से वह ऐसा कर रही हैं। उन्होंने हमारी मां और पिता के लिए भी प्रचार किया। वह पूरे समय एक प्रचारक रही हैं और अब तक कभी चुनाव में खड़ी नहीं हुई थीं। इससे आपको उनके बारे में बहुत कुछ पता चल जाएगा।‘

राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं भाग्यशाली हूं कि वह मेरी बहन हैं। अब, आप भी भाग्यशाली हैं कि वह मेरी बहन हैं और आपकी बहन, मां और बेटी की तरह होंगी, इसलिए मुझे विश्वास है कि वह आपकी सबसे अच्छी सांसद साबित होंगी, जो आपको मिल सकती है।‘ उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘मेरी बहन एक अलग स्तर पर सोचती है। कई राजनेता किसी किसान को देखकर उस पर सिर्फ किसान का लेबल लगा देंगे। मेरी बहन ऐसा नहीं कहेगी, उसके लिए वह एक पिता है और एक भाई है। वह यह समझने की कोशिश करेगी कि वह व्यक्ति किस दौर से गुजर रहा है। वह किसान से बात करेंगी और पूछेंगी कि उचित मूल्य से वंचित होने पर उन्हें कैसा लगता है। जब वह अपने बच्चे की स्कूल फीस का भुगतान नहीं कर सकते थे या जब उनकी मां आईसीयू में थी और वह इसके लिए भुगतान नहीं कर सकते थे तो उन्हें कैसा महसूस हुआ। मैं उसे बहन के रूप में पाकर भाग्यशाली हूं और अब आप सभी भी भाग्यशाली होंगे।‘

राहुल गांधी ने कहा, ‘आप हर जगह देखते हैं, गुस्सा, हिंसा और नफरत दिखाई देती है, लेकिन मानवता कहां है? वह उस तरह की शख्स हैं, जिसने हमारे पिता की हत्या में शामिल लड़की को गले लगाया था। उन्हें इसी तरह की ट्रेनिंग मिली है। भारत को इसी तरह की राजनीति की जरूरत है, जो सिर्फ प्यार और स्नेह की राजनीति करे, न कि नफरत की।‘ उन्होंने आगे कहा कि आज सुबह जब वह वायनाड आ रही थी तो उनके पास एक लिस्ट है, जहां हम भविष्य में ध्यान केंद्रित करेंगे और वायनाड की मांगों के लिए लड़ेंगे। साथ ही वायनाड को मजबूत करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें