नेशनल डेस्क: कराची से नवाबशाह जा रही असीफा भुट्टो के काफिले को सिंध के जमशोरो टोल प्लाजा पर विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया। पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की बेटी और पाकिस्तान के नेशनल असेंबली की सदस्य असीफा भुट्टो जरदारी के काफिले को जब प्रदर्शनकारी नहर परियोजना के खिलाफ विरोध कर रहे थे, तो वे उनके काफिले को बीच सड़क पर रोकने में सफल रहे। प्रदर्शनकारियों ने लाठी-डंडों से काफिले पर हमले की कोशिश भी की, जिससे हाईवे पर तनावपूर्ण माहौल पैदा हो गया।
विरोध क्यों हुआ?
प्रदर्शनकारी नहर परियोजना और कॉर्पोरेट फार्मिंग के खिलाफ थे। उनका आरोप था कि यह परियोजना किसानों और आम जनता के हितों के खिलाफ है। वे इस परियोजना के विरोध में सड़कों पर उतरे थे।
सुरक्षा बलों की तत्परता
पुलिस और सुरक्षा बलों ने जल्द ही कार्रवाई करते हुए असीफा भुट्टो के काफिले को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और काफिले को सुरक्षित निकाला। सिंध के SSP जफर सिद्दीक ने बताया कि काफिला एक मिनट से भी कम समय के लिए रोका गया था, और किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।
एफआईआर और गिरफ्तारी
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और कुछ संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने यह चेतावनी दी कि जो लोग सार्वजनिक शांति को भंग करने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि काफिला थोड़े समय के लिए रोका गया था, लेकिन पुलिस और सुरक्षा बलों की तत्परता से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

