Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘चेहरे पर मुक्के मारे, प्राइवेट पार्ट पर वार किया’, आयरलैंड में भारतीय मूल की बच्ची पर नस्लभेदी हमला

August 7, 2025

‘चेहरे पर मुक्के मारे, प्राइवेट पार्ट पर वार किया’, आयरलैंड में भारतीय मूल की बच्ची पर नस्लभेदी हमला

इंटरनेशनल डेस्क: आयरलैंड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 6 साल की भारतीय मूल की बच्ची पर नस्लीय हमले की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। केरल के कोट्टायम की रहने वाली निया नवीन पर वाटरफोर्ड शहर में उसके घर के बाहर खेलते वक्त हमला हुआ। हमलावर 12 से 14 साल के बच्चों का एक गिरोह था।

बच्ची से कहा गया- “भारत वापस जाओ”

हमलावरों ने बच्ची को गंदी कहा और “भारत वापस चले जाओ” जैसी नस्लभेदी बातें कहीं। बच्ची की मां, अनुपा अच्युतन, जो पिछले 8 साल से आयरलैंड में नर्स के रूप में काम कर रही हैं, ने यह जानकारी मीडिया को दी।

मासूम बच्ची के साथ बेरहमी

मां के अनुसार, हमलावरों ने बच्ची के चेहरे पर मुक्के मारे, गर्दन पर वार किया, बाल खींचे और साइकिल के हैंडल से उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला किया। हमले के वक्त बच्ची घर के बाहर खेल रही थी और मां अपने 10 महीने के बेटे को दूध पिला रही थीं। कुछ ही मिनटों में बच्ची रोती हुई घर लौटी और घबराई होने के कारण कुछ बोल भी नहीं पा रही थी।

बच्ची के दोस्तों ने बताई सच्चाई

घटना के तुरंत बाद बच्ची के दोस्तों ने मां को बताया कि कुछ बड़े लड़कों ने उस पर हमला किया। मां का कहना है कि यह हमला बिलकुल बिना किसी उकसावे के किया गया और अब परिवार खुद को डरा हुआ और असहाय महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा, “हम आयरलैंड को अपना घर मानते थे, लेकिन अब डर लगने लगा है। सबसे डरावना वह पल था जब वे लड़के हंस रहे थे।”

बच्चों को सजा नहीं, समझाया जाए

बच्ची की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि वे चाहती हैं कि हमलावर बच्चों को सजा न मिल, बल्कि उन्हें काउंसलिंग दी जाए और यह समझाया जाए कि इस तरह का व्यवहार गलत है।

बढ़ते नस्लभेदी हमलों पर चिंता

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब आयरलैंड में भारतीय मूल के लोगों पर हमले बढ़ रहे हैं।हाल ही में डबलिन में एक भारतीय युवक को बुरी तरह पीटा गया। एक भारतीय टैक्सी ड्राइवर पर बोतल से हमला हुआ। हमलावरों ने सभी से कहा, “अपने देश वापस जाओ”। इन घटनाओं के बाद भारतीय दूतावास ने वहां रहने वाले भारतीयों से सतर्क रहने की सलाह दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें