
नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दौंड से पुणे जा रही एक पैसेंजर डेमू ट्रेन के एक कोच में अचानक आग लग गई। यह घटना पुणे जिले के येवत गांव के पास की है। जैसे ही कोच में आग भड़की, यात्रियों में भगदड़ मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। आग के कारण कोच का एक बड़ा हिस्सा खाक हो गया, लेकिन अच्छी बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
यात्रियों ने समय रहते दिखाई सतर्कता
आपको बता दें कि जैसे ही कोच में बैठे यात्रियों ने धुंआ और आग की दुर्गंध महसूस की, उन्होंने खुद आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। कुछ यात्रियों ने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची, पूरा कोच धुएं से भर चुका था। RPF (रेलवे सुरक्षा बल) भी तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया।
आग की वजह बनी लापरवाही
हालांकि, इस पूरे मामले पर रेलवे के प्रवक्ता ने मीडिया को जानकारी दी कि आग लगने की वजह बेहद लापरवाहीपूर्ण थी। एक यात्री ने बीड़ी पीकर उसे कोच में रखे कूड़ेदान में फेंक दिया, जिससे वहां पड़ा कचरा सुलगने लगा और कोच में आग और धुआं फैल गया। एक अन्य यात्री ने उस शख्स को बीड़ी फेंकते हुए देख लिया और RPF को इसकी जानकारी दी। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
Pune, Maharashtra: A sudden fire broke out in one of the coaches of a DEMU train traveling from Daund to Pune. The blaze quickly engulfed a significant portion of the coach. No injuries were reported and all passengers are safe. The cause of the fire is yet to be determined pic.twitter.com/Su5RWZ79hp
— IANS (@ians_india) June 16, 2025
दम घुटने से फंसे एक यात्री को बचाया गया
घटना के दौरान एक यात्री टॉयलेट में फंसा रह गया था। कोच में धुंआ भर जाने के कारण उसका दम घुटने लगा, लेकिन समय रहते टॉयलेट का दरवाज़ा तोड़कर उसे बाहर निकाल लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया
घटना सुबह करीब 8 बजे हुई। RPF और रेलवे कर्मचारियों ने जिस कोच में आग लगी थी, उसे ट्रेन से अलग कर दिया। बाकी ट्रेन की चेकिंग करने के बाद यात्रियों के साथ उसे गंतव्य (पुणे) के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे ने पुष्टि की है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
पुलिस ने केस दर्ज किया, जांच जारी
दौंड रेलवे पुलिस स्टेशन में इस हादसे को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। रेलवे प्रवक्ता के मुताबिक, मामले की पूरी जांच होगी और रिपोर्ट रेलवे अधिकारियों को जल्द सौंप दी जाएगी। अब यात्रियों से अपील की जा रही है कि ट्रेन में सफर के दौरान सिगरेट या बीड़ी जैसे ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा हो सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...