Dainik Savera Times

Punjab Bandh LIVE : पंजाब बंद रहा सफल, धरने से उठे किसान, यात्री हुए परेशान, शराब ठेके खुले

Amritsar: Farmers raise slogans as they block a road during the statewide 'bandh' called as part their ongoing protest, near Golden Gate, in Amritsar, Monday, Dec. 30, 2024. (PTI Photo/Shiva Sharma)(PTI12_30_2024_000038B)

Punjab Bandh LIVE : चंडीगढ़। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों के पंजाब बंद के आह्वान के मद्देनजर राज्य में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारी किसानों ने सड़कें अवरुद्ध कर दीं, जिससे यातायात बाधित हो गया। केंद्र द्वारा प्रदर्शनकारी किसानों की मांगें नहीं माने जाने पर संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने पिछले सप्ताह बंद का आह्वान किया था।

इसके तहत सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक बंद रहा। धारेरी जट्टन टोल प्लाजा में किसानों के धरने से पटियाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुईं। अमृतसर के गोल्डन गेट पर किसान एकत्र होने लगे, जबकि बठिंडा के रामपुरा फूल में उन्होंने सड़कें अवरुद्ध कर दीं।
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने रविवार को कहा, ‘‘सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक बंद रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं का संचालन जारी रहेगा। विमान में यात्रा के लिए हवाई अड्डे जा रहे लोग, नौकरी के लिए ‘इंटरव्यू’ देने जाने वाले या फिर शादी में शामिल होने जा रहे लोगों को बंद के आह्वान के बीच छूट रहेगी।’’ इस बीच, किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल (70) का आमरण अनशन सोमवार को 35वें दिन भी जारी रहा। डल्लेवाल ने अब तक चिकित्सा उपचार लेने से इनकार कर दिया है।

फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर सैकड़ों किसान पंजाब-हरियाणा सीमा पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। डल्लेवाल ने पहले कहा था कि जब तक सरकार किसानों की मांगें नहीं मान लेती, वह अपना अनशन नहीं तोड़ेंगे। उच्चतम न्यायालय ने पंजाब सरकार को 31 दिसंबर तक डल्लेवाल को अस्पताल में भर्ती करने के लिए मनाने का समय दिया है, साथ ही आवशय़कता पड़ने पर राज्य को केंद्र सरकार की सहायता लेने की स्वतंत्रता भी है।

सुरक्षाबलों द्वारा दिल्ली में प्रवेश से रोके जाने के बाद से किसान संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले 13 फरवरी से पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू तथा खनौरी बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं। छह से 14 दिसंबर के बीच 101 किसानों के एक जत्थे ने तीन बार दिल्ली की तरफ कूच करने का प्रयास किया था, लेकिन हरियाणा के सुरक्षार्किमयों ने उन्हें रोक दिया। एमएसपी के अलावा, किसान कर्ज माफी, पेंशन, बिजली दरों में बढ़ोतरी नहीं करने, पुलिस मामलों को वापस लेने और 2021 लखीमपुर खीरी हिंसा के पीड़ितों के लिए ‘न्याय’ की भी मांग कर रहे हैं।

किसानों की ये है मांगें
आंदोलनकारी किसानों ने अपना विरोध तेज कर दिया है। वे फसलों के लिए एमएसपी पर कानूनी गारंटी के अलावा, किसान कर्ज माफी, किसानों और खेतिहर मजदूरों के लिए पेंशन, बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं, पुलिस मामलों की वापसी और 2021 लखीमपुर खीरी हिंसा के पीड़ितों के लिए ‘न्याय’ की मांग कर रहे हैं।

बंद से क्या प्रभावित होगा

आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी

 

करीब 10 महीने से बॉर्डर पर लगा है धरना
एसकेएम (नॉन-पॉलिटिकल) और केएमएम के बैनर तले किसान 10 महीने से पंजाब और हरियाणा की सीमा पर शंभू और खनौरी में डेरा डाले हुए हैं. 101 किसानों के एक समूह ने 6 दिसंबर, 8 दिसंबर और 14 दिसंबर को पैदल दिल्ली में प्रवेश करने के तीन प्रयास किए. हरियाणा पुलिस ने उन्हें राष्ट्रीय राजधानी में आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।

इसी तरह, 70 वर्षीय किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल 26 नवंबर से खनौरी सीमा पर आमरण अनशन पर हैं, ताकि केंद्र पर किसानों की मांगों को स्वीकार करने का दबाव बनाया जा सके, जिसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी भी शामिल है. दल्लेवाल की बिगड़ती सेहत के बीच, पंजाब में सत्तारूढ़ AAP के एक प्रतिनिधिमंडल ने बीते बुधवार को खनौरी में किसान नेता से मुलाकात की और उनसे इलाज कराने का आग्रह किया।

अजनाला में बंद को पूरा समर्थन, सड़क यातायात भी पूरी तरह से बंद 

गैर राजनीतिक संयुक्त किसान मोर्चा के आज पंजाब बंद के आह्वान को सीमावर्ती शहर अजनाला में पूरा समर्थन मिल रहा है और घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण दूर से आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ये ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल पर किसान आंदोलन के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है जिसके कारण रेल सेवाएं रद्द, आंशिक रद्द एवं पुर्ननिर्धारित की गई है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे पर संचालित निम्नलिखित रेल सेवाएं प्रभावित है। गाडी संख्या 04576, लुधियाना-हिसार स्पेशल रेलसेवा एवं गाडी संख्या 14731, दिल्ली-बठिंडा रेलसेवा, 30 दिसम्बर को रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 19223, गांधीनगर कैपिटल-जम्मूतवी रेलसेवा जो 29 दिसम्बर को गांधीनगर कैपिटल से प्रस्थान हुई रेल सेवा बठिंडा तक ही संचालित होगी। इसी प्रकार गाडी संख्या 19226, जम्मू तवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस रेलसेवा जो 29 दिसम्बर को जम्मू तवी से प्रस्थान हुई वह रेल सेवा फिरोजपुर तक ही संचालित होगी। गाडी संख्या 14653, हिसार-अमृतसर एक्सप्रेस रेलसेवा 30 दिसम्बर को हिसार से प्रस्थान करने वाली रेल सेवा ब्यास तक ही संचालित होगी। गाडी संख्या 19226, जम्मू तवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस रेलसेवा 30 दिसम्बर को जम्मू तवी से प्रस्थान करने वाली रेल सेवा बठिंडा से संचालित होगी। गाड़ी संख्या 19028 जम्मू तवी.बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस रेल सेवा 30 दिसम्बर को जम्मू तवी से प्रस्थान करेगी, यह रेलसेवा 05.45 बजे के स्थान पर 09.45 बजे चलेगी। अर्थात यह रेलसेवा 240 मिनट पुनर्निर्धारित रहेगी।

200 जगह सड़कें जाम, 600 पुलिसकर्मी तैनात
पंजाब में 200 जगह सड़कें जाम हैं। जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे और अमृतसर-दिल्ली हवाई पर किसान बैठे हुए हैं। मोहाली में एयरपोर्ट रोड ब्लॉक कर दिया गया है। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंजाब के मोहाली जिले में लगभग 600 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए है।

अमृतसर के कठू नंगल टोल प्लाजा भी बंद
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मोहाली, पटियाला, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, बठिंडा, होशियारपुर, जालंधर और अन्य स्थानों से दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। बंद का असर ग्रामीण इलाकों में ज्यादा दिख रहा है, जहां किसानों ने अपने संगठन के झंडे लेकर लगभग सभी सड़कें बंद कर दीं। वहीं, पंजाब बंद के दौरान किसानों की ओर से अमृतसर के कठू नंगल टोल प्लाजा को भी बंद कर दिया गया है। किसी को भी जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है।

अमृतसर: किसान अपने चल रहे विरोध प्रदर्शन के तहत बुलाए गए राज्यव्यापी ‘बंद’ के दौरान अमृतसर में गोल्डन गेट के पास सड़क जाम कर बैठे किसान।

गुरदासपुरः पंजाब बंद को लेकर गुरदासपुर में खुले एसबीआई के बैंक को किसानों ने बंद करवाया। इस दौरान बैंक कर्मचारियों और किसानों के बीच बहसबाजी देखने को मिली।

 

ट्रेनें नहीं चलने से लुधियाना स्टेशन पर यात्री परेशान
ट्रेनों का संचालन भी बंद कर दिया गया है। इस वजह से पंजाब के सभी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ लगी है, लेकिन उन्हें ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। फगवाड़ा, जालंधर और लुधियाना में रेलवे यात्री भी परेशान हो रहे हैं। लुधियाना में रेलवे स्टेशन पर ठंड के बीच यात्री ट्रेनों का इंताजर करते रहे।

पंजाब बंद रहा सफल

किसान व मजदूर संगठनों द्वारा किया गया पंजाब बंद को खत्म कर दिया गया है। पंजाब बंद सुबह 7 से शाम 4 बजे तक किया गया था। ऐसे में अब सड़कों पर धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी उठ गए हैं। शाम चार बजे के बाद सड़कों पर धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है।

Exit mobile version