Site icon Dainik Savera Times

Punjab ने राज्य राजमार्गों पर दो और टोल प्लाजा किए बंद : Harbhajan Singh ETO

चंडीगढ़ : पंजाब के लोक निर्माण एवं बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने आज घोषणा की कि राज्य राजमार्ग पटियाला-नाभा-मलेरकोटला पर दो टोल प्लाजा 5 अगस्त से तत्काल प्रभाव से बंद कर दिए गए हैं। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पटियाला-नाभा-मलेरकोटला पर मोहराना और कल्याण में स्थित टोल प्लाजा पर सड़क उपयोगकर्ता शुल्क की वसूली कल देर रात बंद कर दी गई। उन्होंने कहा कि इन दोनों टोल प्लाजा से कुल 87 लाख रुपये प्रति माह की वसूली होती है।

मंत्री ने कहा कि यह कदम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा बढ़ती महंगाई के बीच पंजाब के लोगों को सीधे वित्तीय राहत प्रदान करने के प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इन दो टोल प्लाजा के बंद होने से राज्य भर में बंद टोल प्लाजा की कुल संख्या 18 हो गई है, जिससे यात्रियों को प्रतिदिन 61.67 लाख रुपए की बचत होगी। मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि टोल वसूली बंद होना पंजाब के लोगों के लिए आर्थिक राहत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे नागरिकों पर वित्तीय बोझ कम होगा और इन सड़कों पर यातायात का सुचारू और परेशानी मुक्त संचालन सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कहा, कि “करीब दो साल पहले सत्ता में आने के बाद से मान सरकार ने कुल 590 किलोमीटर राज्य राजमार्गों पर टोल खत्म कर दिया है।” मंत्री ने पटियाला-समाना रोड, लुधियाना-मलेरकोटला-संगरूर रोड, बलाचौर-गरशंकर-होशियारपुर-दसूहा रोड, कीरतपुर साहिब-नंगल-ऊना रोड, होशियारपुर-टांडा रोड, मक्खू में सतलुज नदी पर उच्च स्तरीय पुल, मोगा-कोटकपुरा रोड, फिरोजपुर-फाजिल्का रोड, भवानीगढ़-नाभा-गोबिंदगढ़ रोड, दाखा-रायकोट-बरनाला रोड और अब पटियाला-नाभा-मलेरकोटला रोड सहित राज्य राजमार्गों पर टोल हटाने से मिलने वाली दैनिक राहत पर प्रकाश डाला।

उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब सरकार गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचे के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपने नागरिकों को अधिकतम आर्थिक राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि इस कदम के साथ, राज्य सरकार अपने नागरिकों के कल्याण को प्राथमिकता दे रही है, ठोस आर्थिक लाभ प्रदान कर रही है और राज्य राजमार्गों पर समग्र ड्राइविंग अनुभव में सुधार कर रही है।

Exit mobile version