चंडीगढ़: पंजाब में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई जिलों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, घरों और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार ने राहत कार्यों में तेजी लाते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 71 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की है।
दो चरणों में जारी की गई धनराशि
सरकार द्वारा राहत राशि को दो चरणों में जारी किया गया है। पहले चरण में 35.50 करोड़ रुपये सभी जिलों को तत्काल सहायता के रूप में दिए गए थे। अब दूसरे चरण में 35.50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि उन 12 जिलों को जारी की गई है, जो बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
जिलावार धनराशि का विवरण
अमृतसर – ₹5 करोड़
गुरदासपुर – ₹6.5 करोड़
लुधियाना – ₹5 करोड़
फिरोजपुर – ₹5 करोड़
फाजिल्का – ₹5 करोड़
जालंधर – ₹5 करोड़
कपूरथला – ₹5 करोड़
पठानकोट – ₹4 करोड़
होशियारपुर – ₹3 करोड़
रूपनगर – ₹2.5 करोड़
मोगा – ₹1.5 करोड़
संगरूर – ₹1.5 करोड़
इसके अतिरिक्त बरनाला, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, मानसा, मलेरकोटला, पटियाला, श्री मुक्तसर साहिब, एसएएस नगर और एसबीएस नगर जैसे जिलों को भी राहत राशि दी गई है।
राहत कार्यों को मिलेगी रफ्तार
सरकार द्वारा जारी यह धनराशि प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर, दवाओं, साफ पानी, भोजन वितरण और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए इस्तेमाल की जाएगी। साथ ही क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत का कार्य भी तेज किया जाएगा।
सरकार की लोगों से अपील
राज्य सरकार ने नागरिकों से संयम बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मंत्री मुंडियां ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता राशि भी जारी की जाएगी और प्रभावित लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

