Punjab PRTC Buses: चंडीगढ़: पंजाब में यात्रा करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में 9 से 11 जुलाई तक तीन दिन के लिए सरकारी बस सेवाएं पूरी तरह से ठप रहेंगी। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी की बसें इन तीन दिनों में सड़कों पर नहीं दौड़ेंगी, जिससे आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
इस हड़ताल का ऐलान पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने किया है। यूनियन के नेताओं कमल कुमार, बलविंदर सिंह राठ, रेशम सिंह गिल और शमशेर सिंह ढिल्लों ने बताया कि यह निर्णय सरकार से बार-बार बातचीत के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण लिया गया है।
-आम जनता होगी परेशान
यह हड़ताल प्रदेश के हजारों यात्रियों को प्रभावित कर सकती है, जो रोजाना सरकारी बसों पर निर्भर रहते हैं खासकर छोटे कस्बों और ग्रामीण इलाकों में। स्कूल और कॉलेज के छात्र, नौकरीपेशा लोग, और व्यापारियों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो सकती है। राज्य सरकार की ओर से अब तक इस हड़ताल पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि प्रशासन के स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था की संभावनाएं तलाशने की कोशिश की जा रही है ताकि लोगों को कम से कम असुविधा हो।
-निजी बस ऑपरेटरों पर बढ़ेगा दबाव
सरकारी बसें बंद रहने से प्राइवेट बस ऑपरेटरों की मांग बढ़ेगी, जिससे किराए में बढ़ोतरी और भीड़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में यात्रियों को सफर के लिए पहले से योजना बनानी होगी।

