Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather: पंजाब में मौसम ने बदला मिजाज, 8 जिलों में बारिश की संभावना, तापमान में गिरावट से राहत

June 4, 2025

Punjab Weather: पंजाब में मौसम ने बदला मिजाज, 8 जिलों में बारिश की संभावना, तापमान में गिरावट से राहत

Punjab Weather Update: पंजाब में मौसम ने अचानक करवट ली है। मंगलवार, 4 जून को प्रदेश के आठ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं, आंधी और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। इन बदलावों से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

-तापमान में गिरावट, गर्मी से मिली राहत

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कमी दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 4.6 डिग्री कम है। इस समय सबसे अधिक तापमान समराला में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि बाकी जिलों में तापमान 33 से 37 डिग्री के बीच बना हुआ है। चंडीगढ़ का तापमान 36.2 डिग्री दर्ज किया गया, जिसमें 0.8 डिग्री की गिरावट देखी गई है। लुधियाना का तापमान 2.6 डिग्री गिरकर 35.8 डिग्री और अमृतसर का तापमान 2.9 डिग्री गिरकर 35.5 डिग्री रह गया है।

-किन जिलों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, नवांशहर और मोहाली जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, फरीदकोट, बरनाला और मोहाली में आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है।

-5 जून को भी बरसेंगे बादल

मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 जून को भी राज्य के कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है, हालांकि उस दिन आंधी या तेज तूफान को लेकर कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

-कृषि और जनजीवन पर असर

इस समय हो रही बारिश और हवाओं का असर राज्य की फसलों पर सकारात्मक हो सकता है, वहीं तापमान में गिरावट से जनजीवन को भी राहत मिली है। आने वाले दिनों में अगर मौसम ऐसा ही बना रहा तो गर्मी की तीव्रता से और भी राहत मिल सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें