Punjab Weather Update: चंडीगढ़: पंजाब में मानसून की आमद अब कुछ ही दिनों की दूरी पर है, लेकिन इससे पहले राज्य में मौसम ने फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि मानसून अगले 72 घंटों में पंजाब में प्रवेश कर सकता है।
-तेज गर्मी के बीच बरसात की आहट
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का औसत अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। बठिंडा में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि लुधियाना, अमृतसर, फरीदकोट और जालंधर जैसे जिलों में पारा 36 डिग्री के पार रहा। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आज भी गर्मी थोड़ी और बढ़ सकती है, लेकिन बारिश शुरू होते ही तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट देखने को मिलेगी।
-40% से अधिक बारिश की कमी
1 जून से 19 जून 2025 तक पंजाब में केवल 26.65 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर 45 से 50 मिमी बारिश होती है। यानी अब तक राज्य में 40% से अधिक बारिश की कमी देखी गई है। गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, मुक्तसर और मानसा जैसे जिलों में वर्षा का स्तर सामान्य से काफी नीचे है, जिससे किसानों में चिंता की लहर है। कृषि गतिविधियों पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है।
-येलो अलर्ट जारी, तूफानी मौसम की चेतावनी
-20 जून: पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी।
-21 से 22 जून: लुधियाना, अमृतसर, संगरूर, नवांशहर, रूपनगर, मानसा और अन्य जिलों में तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना है।
-23 जून: राज्य भर में मानसून के सक्रिय रहने की आशंका के चलते व्यापक चेतावनी जारी की गई है।
-कृषि और प्रशासन अलर्ट मोड में
राज्य सरकार और कृषि विभाग किसानों को सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। विशेषकर उन इलाकों में जहां बारिश कम हुई है, वहां जल संरक्षण और फसल सुरक्षा की रणनीतियां तेज़ी से बनाई जा रही हैं।
-अगले 72 घंटे निर्णायक
मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अगले तीन दिन पंजाब के लिए अहम होंगे। एक तरफ मानसून का स्वागत है, तो दूसरी ओर बेमौसम आंधी और बिजली किसानों और आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।

