Dainik Savera Times

Diljit Dosanjh: बाबा महाकाल के भस्म आरती में शामिल हुए पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ, कहा- इनसे ऊपर क्या हो सकता है?

Diljit Dosanjh: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत सिंह दोसांझ ने आज सुबह उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती का दर्शन किया और बाबा महाकाल के निराकार से साकार स्वरूप का अनुभव किया।

मंदिर की जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती गौरी जोशी ने बताया कि दिलजीत दोसांझ, जो पंजाबी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के एक प्रसिद्ध कलाकार और गायक हैं विशेष रूप से बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए उज्जैन पहुंचे। उन्होंने चांदी द्वार पर भगवान का पूजन और दर्शन किया, जिसे मंदिर के पुजारियों, पंडित राम गुरु और राघव पुजारी ने संपन्न कराया। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति के प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने दिलजीत का सम्मान किया।

कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है दिलजीत दोसांझ ने
दिलजीत सिंह दोसांझ ने कई हिंदी और पंजाबी फिल्मों में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता है। उनकी चर्चित हिंदी फिल्में उड़ता पंजाब और सूरमा रही हैं, जबकि पंजाबी फिल्मों में जट्ट एंड जूलिएट, पंजाब 1984, सरदार जी, सुपर सिंह और अंबरसरीया जैसी ब्लॉकबस्टर शामिल हैं। 2020 में, दिलजीत ने बिलबोर्ड के सोशल 50 चार्ट में भी जगह बनाई थी।

इस अनुभव को शब्दों में बयां करना मुश्किल
बाबा महाकाल की भस्म आरती के अनुभव के बारे में पूछे जाने पर दिलजीत ने कहा, “यह अनुभव ऐसा है जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। सब कुछ वही है, लेकिन इसे महसूस करना अद्भुत है। ॐ नमः शिवाय।”

Exit mobile version