Site icon Dainik Savera Times

Raghav Chadha ने संसद में उठाया Delhi की कानून व्यवस्था का मुद्दा, कहा- ‘सड़क से संसद तक उठाएंगे आवाज’

Raghav Chadha

Raghav Chadha

Raghav Chadha : आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को संसद में दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है, जिसने दिल्ली के लोगों को परेशान कर दिया है। राघव चड्ढा ने कहा कि आज हमने सदन में अपने तमाम सांसदों के साथ मिलकर दिल्ली में बद से बदतर हो रही कानून व्यवस्था के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। दिल्ली में हर दिन नई आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जैसे कि बम धमाके, महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न, बलात्कार की घटनाएं, चोरी, डकैती और फिरौती की खबरें। इन घटनाओं को लेकर दिल्ली के लोग बेहद परेशान हैं और इसकी चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

राघव चड्ढा ने कहा कि यह सारी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और दिल्लीवाले इन घटनाओं से भयभीत हैं। दिल्ली के लोग इस बढ़ते अपराध के खिलाफ सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने आज संसद में इस विषय को उठाकर यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि सरकार इस पर गंभीरता से विचार करे और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए त्वरित कदम उठाए।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन यहीं खत्म नहीं होगा। हम इस आंदोलन को और तेज करेंगे। हम दिल्ली के कोने-कोने तक, सड़क से लेकर संसद तक इस आवाज को लेकर जाएंगे। इससे पहले राघव चड्ढा ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और इस्कॉन पुजारी चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी पर चर्चा के लिए राज्यसभा में सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया है।

आम आदमी पार्टी ने इस्कॉन के पूर्व पुजारी चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी की निंदा की है। आप ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह पड़ोसी देश में इस्कॉन भक्तों और व्यापक हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ बातचीत करें। उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में तख्तापलट की कोशिश के दौरान जारी हिंसा में कई हिंदू समुदाय के लोग भी चपेट में आए हैं। इसके खिलाफ प्रदर्शन करने को लेकर इस्कॉन के चिन्मय कृष्ण दास प्रभु को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Exit mobile version