Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘पेपर लीक बिहार के युवाओं के मुंह पर तमाचा’, दरभंगा रैली में राहुल गांधी का NDA सरकार पर हमला

October 29, 2025

‘पेपर लीक बिहार के युवाओं के मुंह पर तमाचा’, दरभंगा रैली में राहुल गांधी का NDA सरकार पर हमला

नेशनल डेस्क: दरभंगा में बुधवार को एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिहार की एनडीए सरकार पर पेपर लीक मामले को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार के मेहनती युवाओं के साथ लगातार अन्याय हो रहा है, क्योंकि “अमीर और रसूखदार छात्रों” को परीक्षा के पेपर पहले से मिल जाते हैं। राहुल गांधी ने कहा, “बिहार के युवा कितनी भी मेहनत कर लें, लेकिन आगे वही बढ़ता है जिसे पहले से पेपर मिल जाता है। यह बिहार के युवाओं की मेहनत और ईमानदारी पर तमाचा है।”

यह भी पढ़ें: ‘1 बजते-बजते लालू-राहुल का सूपड़ा साफ’, अमित शाह बोले- बिहार चुनाव में NDA की जीत पक्की

पेपर लीक का मामला

बिहार का नाम हाल ही में नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सामने आया था। अप्रैल में पटना पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने मुख्य आरोपी संजीव मुखिया को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा एसके फैज नामक आरोपी को भी पकड़ा गया, जिसने ‘नीट पेपर लीक’ नाम का टेलीग्राम चैनल बनाया था, जहाँ से पेपर लीक होने की बात कही गई थी।

 

प्रधानमंत्री मोदी पर तंज

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि मोदी सिर्फ़ “वोट पाने के लिए नाटक” करते हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “अगर भीड़ में 200 लोग कहें कि मोदी मंच पर नाचें, तो वो नाचने लगेंगे। वो वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छठ पूजा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यमुना नदी के गंदे पानी में स्नान का दिखावा किया, जबकि उनके लिए एक “नकली तालाब” बनवाया गया था जिसमें साफ पानी भरा गया था। आम आदमी पार्टी ने भी इसी मुद्दे पर केंद्र सरकार पर “नकली यमुना” बनाने का आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें:  ट्रंप के बदले सुर, पीएम मोदी को बताया सबसे अच्छा इंसान… भारत से जल्द व्यापार समझौते का इशारा

तेजस्वी यादव की तारीफ और महागठबंधन का वादा

राहुल गांधी ने तेजस्वी यादव की सराहना करते हुए कहा कि वे महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार हैं और उनकी सरकार “हर जाति और धर्म की सरकार” होगी। कांग्रेस नेता ने कहा , “यह सरकार अति पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीब सवर्णों सबके लिए काम करेगी।” महागठबंधन ने अपने घोषणा पत्र में 50% आरक्षण की सीमा तोड़ने और पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण बढ़ाने का वादा भी किया है।

 

दो चरणों में होंगे चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। इसमें से पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा जबकि दूसरे चरण के मतदान 11 नवंबर को होंगे। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें