Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘लोकसभा चुनावों में धांधली हुई थी, हमारे पास पक्के सबूत’, राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर हमला

August 2, 2025

‘लोकसभा चुनावों में धांधली हुई थी, हमारे पास पक्के सबूत’, राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर हमला

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के “एनुअल लीगल कॉन्क्लेव” के दौरान उन्होंने चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाए और कहा कि अब देश में चुनाव आयोग का कोई अस्तित्व नहीं रह गया है।

एक ही पार्टी की बड़ी जीत से शक पैदा हुआ

राहुल गांधी ने कहा कि वह हमेशा से चुनावी प्रणाली में कुछ गड़बड़ी महसूस करते थे, खासकर 2014 के बाद से। उनका मानना है कि कई चुनावों में एक ही पार्टी की बड़ी जीत से शक पैदा होता है। उदाहरण के तौर पर, उन्होंने गुजरात विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनावों का जिक्र किया, जहां कांग्रेस को राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में एक भी सीट नहीं मिली, जो उनके लिए हैरान करने वाली बात थी। उन्होंने कहा, “हमारे पास अब इस बात के सबूत हैं कि चुनाव आयोग अब अपना काम ठीक से नहीं कर रहा है।”

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची की डिजिटल प्रति उपलब्ध नहीं कराई है, जिससे यह सवाल उठता है कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक लोकसभा क्षेत्र में जांच करने पर उन्होंने पाया कि 6.5 लाख मतदाताओं में से करीब 1.5 लाख वोटर फर्जी थे।

लोकसभा चुनावों में धांधली हुई थी

कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने चुनावी धांधलियों की गंभीरता से जांच शुरू की और अब उनके पास इसके सबूत भी हैं। उनके अनुसार, लोकसभा चुनावों में धांधली हुई थी और यह साबित करने के लिए उनके पास दस्तावेज मौजूद हैं। राहुल गांधी का दावा था कि यदि बीजेपी को 15-20 सीटें कम मिलतीं, तो पीएम मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाते।

उन अधिकारियों को ढूंढ निकालेंगे, जो देश के खिलाफ काम कर रहे

इससे पहले राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के अधिकारियों पर भी कड़ा हमला किया। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग में बैठे लोग वोटों की चोरी कर रहे हैं और यह सब बीजेपी के लिए कर रहे हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि वे किसी भी रिटायर अधिकारी को नहीं छोड़ेंगे, और यह उनके लिए राजद्रोह जैसा गंभीर अपराध है।

राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत के दौरान यह भी कहा कि, “हम चुनाव आयोग के उन अधिकारियों को ढूंढ निकालेंगे, जो देश के खिलाफ काम कर रहे हैं।” इस तरह राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं और इसे लेकर कांग्रेस की ओर से लगातार जांच की बात कही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें