कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में शुक्रवार को दिल्ली से आ रही अवध असम एक्सप्रेस के एक पुश ट्रॉली से टकरा जाने से एक रेलकर्मी की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। कटिहार के अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) मनोज कुमार सिंह के अनुसार, ट्रॉलीमैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
एडीआरएम ने बताया, ‘‘पुश ट्रॉली को नियमित गश्त के लिए लगाया गया था। हमने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किस चूक के कारण ट्रेन ट्रॉली से टकरा गई।’’ उन्होंने बताया कि कटिहार-बरौनी डाउन लाइन पर जल्द ही सामान्य यातायात बहाल कर दिया गया और ट्रेन भी आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गई।
उच्च स्तरीय जांच के आदेश
घटना में ट्राली के परखच्चे उड़ गये। वहीं घटना को लेकर रेलवे ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और रेल कर्मियों को ट्रैक पर काम करते वक्त अधिकतम सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। हादसे के कारण रेलखंड पर कुछ देर के लिए ट्रेनों की आवाजाही कुछ देर के लिए बाधित रही जिसे बाद में फिर बहाल किया गया।

