Indian Premier League 2025 : इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 18वें सीजन का 18वां मुक़ाबला पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच चंडीगढ़, मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि इस मैच में उनकी टीम बिना किसी बदलाव के खेलने उतरी है। वहीं, राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने बताया कि तुषार देशपांडे इस मैच में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह युद्धवीर सिंह को शामिल किया गया है। इस सत्र में पंजाब की टीम अब तक अजेय रही है जबकि राजस्थान को तीन में से दो में हार और एक में जीत मिली है।
सैमसन की अंगुली में चोट के कारण राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को पहले तीन मैच के लिए कप्तान नियुक्त किया था। लेकिन सूत्रों द्वारा पता लगा कि यशस्वी को यह फैसला पसंद नहीं आया था कि उन पर पराग को तरजीह दी जाए । हालांकि, यह बात किसी से छुपी नहीं है कि जायसवाल आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में बड़ी भूमिका निभाना चाहते हैं, लेकिन अभी उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करना होगा। राजस्थान के लिए सबसे बड़ी चुनौती पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर होंगे जिन्होंने लगातार दो अर्धशतक जमा कर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया है। श्रेयस ने अपने कप्तानी कौशल का भी शानदार नमूना पेश किया है। उन्होंने पहले दो मैच में जिस तरह से ग्लेन मैक्सवेल का स्पिन गेंदबाज के रूप के रूप में इस्तेमाल किया, वह सराहनीय है।
राजस्थान की पारी = RR 205/4 (20)
राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को जीत के लिए 206 रनों का लक्ष्य दिया है। यशस्वी जायसवाल की अर्धशतकीय पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स पंजाब को बड़ा टारगेट दे सकी है। मुल्लांपुर में खेले जा रहे सीजन के 18वें मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 205 रन बनाए । पंजाब के लिए लॉकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए जबकि अर्शदीप सिंह और मार्को यानसेन को एक-एक सफलता मिली।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11:-
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (कप्तान), नीतीश राणा, रियान पराग, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्षणा, युद्धवीर सिंह चरक, संदीप शर्मा।
(इम्पैक्ट प्लेयर्स: कुणाल सिंह राठोड़, शुभम दुबे, फजलहक फारूकी, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल।)
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, नेहल वढेरा, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, मार्को यानसेन, अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल।
(इम्पैक्ट प्लेयर्स: प्रियांश आर्या, हरप्रीत बरार, प्रवीण दुबे, विष्णु विनोद, विजयकुमार विशाक।)