अहमदाबाद/राजकोट। गुजरात पुलिस ने राजकोट स्थित ‘टीआरपी गेम जोन’ के एक और साझेदार को गिरफ्तार किया है जहां पिछले सप्ताह आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई थी। यह जानकारी एक अधिकारी ने मंगलवार को दी। गिरफ्तार आरोपी धवल ठक्कर ‘धवल कॉरपोरेशन’ का मालिक है, जो रेसवे एंटरप्राइजेज के पांच साझेदारों के साथ टीआरपी गेम जोन चलाता था। राजकोट की एक अदालत ने उसे 10 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। बनासकांठा के पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाणा ने बताया कि धवल कॉर्पोरेशन के मालिक धवल ठक्कर को पड़ोसी राजस्थान के आबू रोड से गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही शनिवार को हुई इस घटना के संबंध में अभी तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मकवाणा ने बताया, ‘‘ठक्कर को गत रात राजकोट और बनासकांठा पुलिस द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान में आबू रोड से गिरफ्तार किया गया।’’ विशेष लोक अभियोजक तुषार गोकानी ने कहा, अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट बी पी ठाकर की अदालत ने धवल ठक्कर को 10 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। इससे पहले पुलिस ने रेसवे इंटरप्राइज में साझेदार युवराज ंिसह सोलंकी और राहुल राठौड़ तथा गेम जोन के प्रबंधक नितिन जैन को गिरफ्तार किया था। उन्हें सोमवार को राजकोट की एक अदालत ने 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया था कि आरोपी व्यक्ति जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और गोल-मोल जवाब दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में आग लगने की इस घटना के संबंध में छह लोगों – ठक्कर, सोलंकी, राठौड़ और रेसवे इंटरप्राइज के साझेदारों अशोक सिंह जडेजा, किरीट सिंह जडेजा और प्रकाशचंद हिरन के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 304, 308, 337, 338 और धारा 114 के तहत मामला दर्ज किया गया है। राज्य सरकार ने इस घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है और प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।केंद्र सरकार ने भी प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

