Site icon Dainik Savera Times

INS Vikrant से गरजे राजनाथ सिंह, कहा- ‘भारत अब सहन नहीं करता, भारत अब सीधा जवाब देता है’

नेशनल डेस्क। शुक्रवार को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत के स्वदेशी युद्धपोत INS विक्रांत पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद नौसेना के जवानों से मुलाकात की, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें संबोधित भी किया। इस दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि INS विक्रांत पर खड़े होकर उन्हें गर्व और खुशी दोनों का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा, “जब तक हमारे नौसेना के वीर जवान देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं, तब तक कोई भी देश भारत की तरफ गलत नजर से नहीं देख सकता।” उन्होंने यह भी बताया कि ‘विक्रांत’ शब्द का मतलब होता है – अदम्य साहस और अपराजेय शक्ति। और उन्होंने कहा कि जब वे जवानों की आंखों में देखते हैं, तो उन्हें भारत की असली ताकत नजर आती है।

रक्षा मंत्री नहीं, एक कृतज्ञ भारतीय के रूप में आए
राजनाथ सिंह ने कहा कि वे सिर्फ रक्षा मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक आभारी भारतीय नागरिक के रूप में INS विक्रांत आए हैं। उन्होंने कहा “मैं यहां आपके समर्पण को नमन करने, आपके शौर्य की तारीफ करने और आपकी मेहनत को सलाम करने आया हूं।”

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर दी बधाई
राजनाथ सिंह ने सभी जवानों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि जब पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, तब भारत ने इस ऑपरेशन को शुरू किया। इसके बाद, भारतीय सशस्त्र बलों ने तेजी से और सटीक कार्रवाई की। उन्होंने कहा: “इस ऑपरेशन ने न सिर्फ आतंकियों को, बल्कि उन्हें समर्थन देने वालों को भी साफ संदेश दिया कि अब भारत चुप नहीं बैठता, सीधा जवाब देता है।”

 

INS विक्रांत से सामने आई तस्वीर
इस बीच रक्षा मंत्री की एक तस्वीर भी सामने आई, जिसमें वह INS विक्रांत के डेक पर खड़े नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में उनके साथ भारतीय नौसेना के अधिकारी और जवान भी दिखाई दे रहे हैं।

Exit mobile version