नेशनल डेस्क। भोपाल में रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने (नेक्स्टजेन रोलिंग स्टॉक फैक्ट्री) बीईएमएल रेल हब फॉर मैन्युफैक्चरिंग (ब्रह्मा)” के भूमि पूजन समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता, आर्थिक विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से बात की। राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले हम जो हथियार विदेशों से खरीदते थे, अब वही हथियार भारत में ही बना रहे हैं। इससे न केवल हमारी सेना मजबूत हो रही है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि भारत का रक्षा निर्यात अब सालाना लगभग 24,000 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है।
#WATCH Raisen, Madhya Pradesh: Defence Minister Rajnath Singh says, “There are some people who are not happy with the speed at which India is developing. They are not liking it. ‘Sabke boss toh hum hain’, how is India growing at such a fast pace? And many are trying that the… pic.twitter.com/kucYjXnNNX
— ANI (@ANI) August 10, 2025
“कुछ लोग भारत की तरक्की से खुश नहीं”
अपने भाषण में रक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ लोग भारत की तेज़ रफ्तार विकास से खुश नहीं हैं। उन्हें यह बुरा लगता है कि भारत इतनी तेजी से कैसे आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग कोशिश कर रहे हैं कि भारत में बनी चीजें महंगी हो जाएं ताकि दुनिया उन्हें न खरीदे। लेकिन उन्होंने भरोसा जताया कि अब कोई भी ताकत भारत को दुनिया की बड़ी शक्ति बनने से नहीं रोक सकती।

हम किसी का धर्म पूछकर नहीं, बल्कि कर्म देखकर जवाब देंगे…
राजनाथ सिंह ने “ऑपरेशन सिंदूर” का उदाहरण देते हुए कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों ने पर्यटकों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। आतंकियों को लगा कि भारत शांत बैठ जाएगा, लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने सख्त जवाब दिया। उन्होंने कहा, “हमने तय किया कि हम किसी का धर्म पूछकर नहीं, बल्कि कर्म देखकर जवाब देंगे, और उन्हें उनके अंजाम तक पहुँचाया।” राजनाथ सिंह ने साफ संदेश दिया कि भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन अगर कोई हमें छेड़े, तो हम उसे छोड़ते भी नहीं।
बीईएमएल परियोजना के फायदे
नई यूनिट के बारे में उन्होंने बताया कि यह आने वाले समय में स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर लाएगी। छोटे और बड़े उद्योगों को बढ़ावा देगी। कौशल प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता विकसित करेगी।
रक्षा क्षेत्र का आर्थिक योगदान
रक्षा मंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र सिर्फ देश की सुरक्षा के लिए नहीं है, बल्कि यह आर्थिक विकास को भी तेजी देता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के विकास से भारत की सुरक्षा मजबूत होगी, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और देश की अर्थव्यवस्था और ऊँचाई पर पहुँचेगी।