Site icon Dainik Savera Times

RBI New ATM Rules : 100 और 200 रुपये के नोट को लेकर RBI का बड़ा फैसला, बैंकों को दिए ये निर्देश

नेशनल डेस्क : रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक अहम फैसला लिया है। सोमवार को RBI ने सभी बैंकों और एटीएम ऑपरेटरों के लिए एक आदेश जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि आने वाले समय में एटीएम में 100 और 200 रुपये के नोट दिए जाएंगे। इस फैसले का उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना और एटीएम से पैसे निकालने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

फैसले का उद्देश्य और समय सीमा

आपको बता दें कि RBI का मानना है कि इससे ग्राहकों को एटीएम से नकद निकालते समय ज्यादा सुविधा होगी, खासकर उन लोगों को जो छोटे नोटों का उपयोग करते हैं। वर्तमान में कई एटीएम में 500 रुपये और 2000 रुपये के नोट उपलब्ध होते हैं, जो छोटे लेन-देन के लिए बहुत बड़े होते हैं। 100 और 200 रुपये के नोटों के वितरण से यह समस्या हल हो सकती है। हालांकि, RBI ने इस फैसले के लिए 2026 तक का समय निर्धारित किया है, लेकिन इसका कार्यान्वयन 2025 में ही शुरू हो जाएगा। RBI ने एटीएम ऑपरेटरों और बैंकों को चरणबद्ध तरीके से इस आदेश को लागू करने का निर्देश दिया है।

सर्कुलर में क्या कहा गया है?

RBI ने इस फैसले को लेकर एक सर्कुलर जारी किया है, जिसमें बैंकों और वाइट लेबल एटीएम ऑपरेटरों (WLAOs) से कहा गया है कि वे इस कार्य को चरणों में लागू करें। सर्कुलर में कहा गया है, “ज्यादा इस्तेमाल होने वाले नोटों को जनता तक आसानी से पहुंचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। सभी बैंक अपने एटीएम में 100 और 200 रुपये के नोट रखेंगे।” सर्कुलर के अनुसार, 30 सितंबर 2025 तक, 75% एटीएम में कम से कम एक कैसेट में 100 या 200 रुपये के नोट रखे जाने चाहिए। इसके बाद, 31 मार्च 2026 तक, यह संख्या बढ़ाकर 90% कर दी जाएगी। इस बदलाव से भारतीय नागरिकों को छोटे नोटों का आसानी से उपलब्धता मिलेगी, जिससे रोजमर्रा के लेन-देन में सुविधा होगी।

RBI का यह कदम आम जनता के लिए एक बड़ा लाभ साबित हो सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जो छोटे नोटों का उपयोग करते हैं। इस फैसले से न केवल एटीएम के माध्यम से निकासी में आसानी होगी, बल्कि यह भारतीय मुद्रा प्रणाली में भी एक सकारात्मक बदलाव साबित हो सकता है।

Exit mobile version