RCB’s victory parade got cancelled : आईपीएल 2025 का फाइनल रोमांच से भरपूर रहा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर पहली बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया। 18 साल के लंबे इंतजार के बाद RCB की टीम ने फैंस को जश्न मनाने का मौका दिया। फाइनल जीत के बाद ऐसी खबरें आई थीं कि टीम बेंगलुरु लौटने के बाद शहर में भव्य विक्ट्री परेड निकालेगी। हालांकि, अब इस परेड को रद्द कर दिया गया है।
क्यों रद्द हुई विक्ट्री परेड?
बेंगलुरु पुलिस ने शहर की मौजूदा यातायात व्यवस्था को देखते हुए RCB की विक्ट्री परेड की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। शहर में ट्रैफिक को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ है, ऐसे में प्रशासन ने फैसला लिया कि जीत का जश्न अब सिर्फ सम्मान समारोह के जरिए मनाया जाएगा।
अब इस तरह मनाया जाएगा जीत का जश्न
RCB की टीम दोपहर 1 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। इसके बाद शाम 5 बजे से चिन्नास्वामी स्टेडियम में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में केवल उन्हीं लोगों को एंट्री मिलेगी जिनके पास वैध पास या टिकट होगा। प्रशासन ने यह भी सलाह दी है कि लोग निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें, क्योंकि स्टेडियम के आसपास पार्किंग की सुविधा सीमित है।
फाइनल मैच का रोमांच
फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 190 रन बनाए। विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए, जबकि पंजाब की ओर से काइल जैमिसन और अर्शदीप सिंह ने 3-3 विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत दमदार रही। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने पहले विकेट के लिए 5 ओवर में 43 रन जोड़ दिए। लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर के आउट होते ही टीम का मिडिल ऑर्डर दबाव में आ गया। शशांक सिंह ने जरूर 30 गेंदों में 61 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे और पंजाब 6 रन से मैच हार गई।
RCB की इस ऐतिहासिक जीत ने उनके फैंस को गर्व से भर दिया है। 18 साल की मेहनत, संघर्ष और सपनों का फल आखिरकार टीम को मिल ही गया। अब बेंगलुरु में सम्मान समारोह के जरिए इस जीत का जश्न पूरे शहर के साथ मनाया जाएगा।