नेशनल डेस्क : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से लापरवाही की हद पार करती एक घटना सामने आई है। यहां एक चलती कार में बैठा व्यवसायी गाड़ी चलाते समय गुटखा थूकने के चक्कर में इतना बड़ी चूक कर बैठा कि उसकी वजह से कार अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। हादसे में एक 31 वर्षीय युवा व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
दरवाजा खोलना बना हादसे की वजह
आपको बता दें कि घटना गुरुनानक ढाबा के पास की है, जहां इनोवा कार को आकाश चंदानी नामक व्यक्ति चला रहा था। कार की रफ्तार लगभग 100 किमी/घंटा थी। इसी दौरान आकाश ने चलती कार का दरवाजा खोला और गुटखा थूकने की कोशिश की, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया। इनोवा तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराई और लगभग छह बार पलटी खाई।
पीछे बैठा युवक बाहर गिरा…
जैसे ही कार पलटी, पीछे की सीट पर बैठे व्यवसायी जैकी गेही कार से बाहर गिर गए। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई।
कौन थे हादसे में शामिल लोग ?
पुलिस की जानकारी के अनुसार, मृतक जैकी गेही, बिलासपुर के चकरभाठा इलाके के एक कपड़ा व्यापारी थे। रविवार रात वे रायपुर में एक पार्टी में शामिल होने गए थे और देर रात करीब 1:30 बजे अपने दोस्त आकाश चंदानी को उन्हें लेने बुलाया। आकाश अपने दोस्त पंकज छाबड़ा के साथ इनोवा लेकर पहुंचा। तीनों लोग बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर सफर कर रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
CCTV फुटेज से की जा रही जांच
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, जिनकी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हादसे के कारणों की पुष्टि की जा सके।
लापरवाही की भारी कीमत
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी जिंदगी का बड़ा खतरा बन सकती है। चलती गाड़ी में दरवाजा खोलना, गुटखा थूकना या मोबाइल चलाना जैसी आदतें ना सिर्फ खुद के लिए, बल्कि साथ बैठे लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती हैं।
यह हादसा सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन की सख्त जरूरत को रेखांकित करता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...