
नेशनल डेस्क : मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। यह घटना देर रात करीब 2 बजे मेघनगर थाना क्षेत्र के सजेली फाटक के पास हुई, जब एक कार और टैंकर की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
9 लोगों की मौके पर ही मौत
आपको बता दें कि इस हादसे में कार में सवार 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 2 पुरुष, 3 महिलाएं और 4 मासूम बच्चे शामिल हैं। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घायल बच्चियों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चियों की हालत नाजुक बनी हुई है, लेकिन इलाज जारी है।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह परिवार झाबुआ जिले के उन्डीखाली शिवगढ़, देवगढ़ का रहने वाला था। वे गांव मानपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना स्थल झाबुआ जिले के थाना थांदला की चौकी नोगावा के पास सजेली फाटक बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
शोक में डूबा इलाका
इस हादसे के बाद पूरा गांव और आसपास का क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया है।
हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बताया जा रहा है कि टैंकर की तेज रफ्तार और संभवतः रात के समय दृश्यता की कमी हादसे की वजह हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है।
एक और परिवार सड़क हादसे की भेंट चढ़ा
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की गंभीरता को उजागर करता है। नौ जिंदगियों का एक ही झटके में यूं चले जाना पूरे समाज के लिए दुखद और चिंताजनक है।