Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jammu and Kashmir विधानसभा में वक्फ कानून पर हंगामा, BJP और AAP के विधायक आमने-सामने, देखें Video

April 9, 2025

Jammu and Kashmir विधानसभा में वक्फ कानून पर हंगामा, BJP और AAP के विधायक आमने-सामने, देखें Video

नेशनल डेस्क : जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बुधवार, 9 अप्रैल को वक्फ कानून को लेकर हंगामा जारी रहा। इस दौरान, आम आदमी पार्टी (AAP) के एकमात्र विधायक मेहराज मलिक ने बीजेपी के विधायकों पर मारपीट का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उनकी बहस पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) के विधायक वहीद पारा से हुई थी, जो पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद को लेकर थी। मेहराज मलिक के अनुसार, पीडीपी के विधायकों के समर्थन में बीजेपी के विधायक आए और उनके साथ मारपीट की। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

विधानसभा में बहस का वीडियो वायरल

दरअसल, विधानसभा में हुई बहस का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें मेहराज मलिक और वहीद पारा के बीच तीखी बहस हो रही है। मेहराज मलिक ने कहा, “तुमने (वहीद पारा) कौम के साथ गद्दारी की है। इनको लगता है कि मेहराज डरेगा, अरे एक को भी नहीं छोड़ूंगा।” उन्होंने यह भी कहा, “वह सदन में पहली बार कुर्ता पजामा पहनकर शरीफ बनकर आए थे और आज बीजेपी के विधायकों ने गुंडागर्दी की।”

मेहराज मलिक ने पुलिस पर लगाए आरोप 

मेहराज मलिक ने विधानसभा में हुई इस घटना के बाद पुलिस पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “मैं विधायक हूं, अगर माफिया अंदर है तो बाहर क्या हालत होगी? मजाक बंद करो, सदन के अंदर हंगामा हो रहा है और एसएसपी ऐसे बात करेगा। मैं लीडर हूं तो बोलूंगा, मुझपर हमला हुआ और आप कह रहे हो कि यहां क्यों आए? शर्म करो, आप उनके विधायकों को समर्थन कर रहे हो। पुलिस मिली हुई है।”

BJP विधायक विक्रम रंधावा का बयान…

वहीं, बीजेपी के विधायक विक्रम रंधावा ने मेहराज मलिक पर आरोप लगाया कि उन्होंने हिंदुओं को गाली दी है। विक्रम रंधावा ने कहा, “दो टके का इंसान, एमएलए बनकर आया है तो कुछ भी कहेगा? उसने कहा है कि हिंदू तिलक लगाकर पाप करता है। हिंदू तिलक लगाकर चोरियां करता है। उसे आज बताएंगे।”

वक्फ कानून पर जारी बहस

विधानसभा में जारी हंगामे का कारण वक्फ कानून पर हो रही चर्चा है। सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस, पीडीपी और अन्य विधायकों ने वक्फ कानून पर चर्चा की मांग की है, जबकि बीजेपी इसका विरोध कर रही है। स्पीकर ने इस मामले पर चर्चा की अनुमति नहीं दी, क्योंकि यह मामला अदालत में है। इस वजह से पिछले तीन दिनों से विधानसभा में हंगामा जारी है। इस घटनाक्रम ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में वक्फ कानून पर हो रही बहस को और भी उग्र बना दिया है। आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक और बीजेपी के विधायकों के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बनी हुई है, और अब यह मामला पुलिस और विधानसभा की कार्यवाही में भी फंस चुका है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें