इंटरनेशनल डेस्क : रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से चल रहा युद्ध अब शायद अपने अंत की ओर बढ़ रहा है। हाल ही में एक बड़ी खबर सामने आई है जिसमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देशों के बीच शांति समझौता करीब आ चुका है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
“ज्यादातर मुद्दों पर हो चुकी है सहमति”
आपको बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर पोस्ट कर जानकारी दी कि रूस और यूक्रेन के बीच ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। अब सिर्फ अंतिम मंजूरी बाकी रह गई है। ट्रंप के मुताबिक, बातचीत का दौर अच्छा चल रहा है और जल्द ही इस युद्ध पर विराम लग सकता है।
ट्रंप ने स्टीव विटकॉफ को भेजा मास्को
इसके साथ ही शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए ट्रंप ने अपने सहयोगी स्टीव विटकॉफ को रूस की राजधानी मॉस्को भेजा है। इससे पता चलता है कि ट्रंप खुद इस प्रक्रिया में कितनी दिलचस्पी ले रहे हैं और इसे सफल बनाना चाहते हैं।
पुतिन के नरम रुख के संकेत
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी अब यूक्रेन के साथ बातचीत के संकेत दिए हैं। ये संकेत ऐसे समय पर आए हैं जब हाल ही में मॉस्को के पास एक बम धमाके में एक वरिष्ठ रूसी जनरल की मौत हो गई, जिससे हालात और भी तनावपूर्ण हो गए थे।
जेलेंस्की ने फिर दोहराया अपना कड़ा रुख
दूसरी ओर, यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने साफ कर दिया है कि वे क्रीमिया पर रूस के कब्जे को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। उनका यह रुख अभी भी शांति वार्ता में एक बड़ी रुकावट बना हुआ है।
ट्रंप पहले भी कर चुके हैं कड़े बयान
गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने वादा किया था कि वे सत्ता में आने के एक दिन के भीतर रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करवा देंगे। राष्ट्रपति बनने के बाद भी वे लगातार इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं, हालांकि वे पहले पुतिन की नीतियों और जेलेंस्की के रवैये पर नाराजगी भी जाहिर कर चुके हैं।

