Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘अगले 50 दिन में जंग खत्म नहीं हुई तो…’, डोनाल्ड ट्रंप की रूस को चेतावनी

July 15, 2025

‘अगले 50 दिन में जंग खत्म नहीं हुई तो…’, डोनाल्ड ट्रंप की रूस को चेतावनी

इंटरनेशनल डेस्क: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि अगले 50 दिनों के भीतर यूक्रेन में चल रही जंग का समाधान नहीं निकला, तो वह रूस पर कड़े शुल्क (टैक्स) लगाएंगे। यह बयान ट्रंप ने नाटो महासचिव मार्क रूट के साथ व्हाइट हाउस के ‘ओवल ऑफिस’ में बैठक के दौरान दिया।

ट्रंप की चेतावनी

ट्रंप ने स्पष्ट रूप से कहा, “अगर अगले 50 दिनों में कोई समझौता नहीं हुआ तो हम रूस पर कड़े शुल्क लगाएंगे।” हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि ये शुल्क कैसे लागू किए जाएंगे। ट्रंप ने कहा, “मैं व्यापार का इस्तेमाल कई चीजों के लिए करता हूं। युद्धों के समाधान के लिए यह एक अच्छा कदम हो सकता है।”

पुतिन के प्रति ट्रंप का नजरिया

हालांकि ट्रंप ने कई बार पुतिन से अपने अच्छे रिश्तों का जिक्र किया है, जनवरी में पदभार संभालने के बाद उन्होंने यह भी कहा कि रूस युद्ध खत्म करने के लिए ज्यादा इच्छुक है। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को ट्रंप ने युद्ध को लंबा खींचने का आरोप भी लगाया था और उन्हें ‘तानाशाह’ तक कह दिया था।

जेलेंस्की और ट्रंप के दूत की बैठक

इस बीच, ट्रंप के विशेष दूत ने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से कीव में मुलाकात की। जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने ट्रंप के दूत के साथ यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली को मजबूत करने, संयुक्त हथियार उत्पादन, और यूरोपीय देशों के साथ मिलकर अमेरिका से हथियार खरीदने की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही, रूस पर कड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों की संभावना पर भी बातचीत की गई।

जेलेंस्की की उम्मीद

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा, “हमें अमेरिका के नेतृत्व से उम्मीद है, क्योंकि यह स्पष्ट है कि रूस तब तक नहीं रुकेगा जब तक उसकी महत्वाकांक्षाओं को बलपूर्वक नहीं रोका जाता।” उन्होंने बताया कि रूस यूक्रेन के शहरों, जैसे कीव पर सैकड़ों ड्रोन और मिसाइलों से हमले कर रहा है, जिनका मुकाबला करने में यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली को बहुत कठिनाई हो रही है। इस पूरे घटनाक्रम से यह स्पष्ट होता है कि युद्ध के समाधान के लिए अमेरिका और यूक्रेन का दबाव रूस पर बढ़ता जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें