नेशनल डेस्क। भारत की मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने हाल ही में अपने पति पारुपल्ली कश्यप से अलग होने की घोषणा की थी। यह खबर उन्होंने 13 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए दी थी। उन्होंने लिखा था कि जीवन उन्हें अलग रास्तों पर ले जा रहा है, इसलिए दोनों ने अलग होने का फैसला किया। इस खबर ने सभी फैंस को हैरान कर दिया था।
लेकिन अब दोनों ने एक और बड़ा फैसला लिया है। साइना ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि वह और कश्यप फिर से अपनी शादी को एक मौका देने जा रहे हैं। उन्होंने पारुपल्ली के साथ एक प्यारी-सी तस्वीर शेयर की और लिखा -“कभी-कभी दूरी आपको मौजूदगी का महत्व सिखाती है। लीजिए, हम फिर से कोशिश कर रहे हैं।” इस पोस्ट के बाद फैंस ने उन्हें खूब शुभकामनाएं दीं।
शादी से पहले लंबे समय तक किया था एक-दूसरे को डेट
साइना और पारुपल्ली की दोस्ती और फिर प्यार की कहानी भी काफी दिलचस्प रही है। दोनों ने साल 2018 में शादी की थी, लेकिन उससे पहले वे लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करते रहे। दोनों ही बैडमिंटन के दिग्गज खिलाड़ी हैं और हैदराबाद की पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकैडमी से ट्रेनिंग ली है।
View this post on Instagram
1997 से जानते हैं एक-दूसरे को
रिपोर्ट्स के मुताबिक, साइना और पारुपल्ली साल 1997 से एक-दूसरे को जानते थे। साल 2004 में जब कोच गोपीचंद ने बैडमिंटन अकैडमी शुरू की, तब से दोनों ने साथ में ट्रेनिंग लेना शुरू किया। वहीं से उनकी दोस्ती बढ़ती गई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। शादी तक किसी को भी उनके रिश्ते की भनक तक नहीं लगी थी।
फैंस कर रहे हैं दुआएं
अब जब दोनों ने फिर से एक साथ आगे बढ़ने का फैसला किया है, तो उनके फैंस और खेल जगत के लोग उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं। सभी यही उम्मीद कर रहे हैं कि साइना और पारुपल्ली का यह रिश्ता और मजबूत हो और दोनों मिलकर जीवन में फिर से नई शुरुआत करें।