Security forces action : मणिपुर में पिछले दो सालों से हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए है। इसी बीच सुरक्षा बलों ने मणिपुर के काकचिंग और इंफाल पश्चिम जिलों में भारी मात्रा से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया है।
काकचिंग जिले हथियार और गोला-बारूद बरामद
पुलिस ने काकचिंग जिले के टोकपंचिग मोइरांगखोम हिल रेंज से दो एसएमजी कार्बाइन, एक .303 राइफल और मैगजीन, एक सिंगल बैरल बंदूक, दो डबल बैरल बंदूकें, एक स्नाइपर राइफल, एक 9 एमएम पिस्तौल और मैगजीन, तीन मोर्टार शेल, दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) और दो ग्रेनेड के अलावा गोला-बारूद, डेटोनेटर और अन्य सामान बरामद किया है।
इम्फाल जिलों से भी भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद
पुलिस ने बताया कि इम्फाल पूर्वी जिले में एक स्कूल के सामने यारलपत इलाके से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। यहां युद्ध से संबंधित सामान के कुछ गोदाम भी पाए गए हैं। यहां से एक .303 राइफल, 303 कारतूस के 16 राउंड, दो लेथोड 40 एमएम बंदूकें, गोला-बारूद, एक .303 राइफल मैगजीन, एक शॉर्ट कार्बाइन, एक शॉर्ट कार्बाइन हैंडमेड मैगजीन, एक 9 एमएम पिस्तौल, सात डेटोनेटर, दो हैंड ग्रेनेड और अन्य सामान बरामद किया गया। बरामद सामान को कानूनी कार्रवाई के लिए पोरोम्पट पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों जिलों से बुधवार को जब्तियां की गईं। जातीय हिंसा से राज्य में लोगों को लूटे गए और अवैध रूप से रखे गए हथियार स्वेच्छा से सौंपने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया। यह अवधि 6 मार्च को समाप्त हो गई और अब इसे समाप्त हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी भी राज्य में लगातार हथियार और गोला-बारूद बरामद हो रहे हैं।
45 वर्षीय आतंकवादी गिरफ्तार
गिरफ्तार 45 वर्षीय आतंकवादी के बारे में पुलिस ने बताया कि उसे बुधवार को इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग बाजार से पकड़ा गया। उन पर राज्य की राजधानी इंफाल और उसके आसपास के सरकारी अधिकारियों से जबरन धन वसूली का आरोप लगाया गया था। इम्फाल घाटी में रहने वाले बहुसंख्यक मीतेई समुदाय और आसपास के पहाड़ी इलाकों में रहने वाली कुकी-जो जनजातियों के बीच मई 2023 से जारी जातीय हिंसा में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। केंद्र ने 13 फरवरी को एनडीए की घोषणा की थी। बीरेन सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था। यहां विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक है, जिसे निलंबित कर दिया गया है।

